Samastipur Crime : समस्तीपुर में गुरुवार की सुबह एक अधेड़ का शव आम के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों का मानना है कि अधेड़ की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है। घटना जिले के विद्यापति नगर थाना क्षेत्र के हरपुर बोचहा के चतरा गांव स्थित प्रेम बिहार मनरेगा पार्क की है। घटना की सूचना मिलने के बाद विद्यापति नगर पुलिस और दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
इस संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह जब वे लोग मनरेगा पार्क की ओर जा रहे थे तो उन्होंने पेड़ से लटकता शव देखा। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी, लेकिन किसी ने शव की पहचान नहीं की। मृतक के पास कोई पहचान पत्र या अन्य कागजात नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले बुधवार की दोपहर चतरा हाट स्थित एक चाय की दुकान पर इस अधेड़ को देखा गया था। उसके बाद से वह लापता था। अधेड़ की जेब से कुछ छोटे-मोटे नोट भी मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या के बाद शव को यहां लाकर लटका दिया गया है और लूटपाट का मामला भी हो सकता है।
दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लग रहा है। मृतक को बुधवार को चतरा हाट में देखा गया था, जहां उसने चाय भी पी थी। उसके बाद से वह लापता था। शव को पेड़ से लटकाने की घटना से हत्या की आशंका प्रबल हो रही है। मामले की जांच की जा रही है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।