Samastipur Weather Update : समस्तीपुर में 19 जनवरी तक मौसम रहेगा शुष्क, अगले 48 घंटों में ठंड व कनकनी में और होगी वृद्धि.

Samastipur Weather News Today : बिहार में ठंड बढ़ने वाली है! मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में राज्य के दस जिलों में तापमान गिरने की चेतावनी दी है। इस दौरान पटना समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। कोहरे का भी असर रहेगा, कई जिलों में घना कोहरा छा सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण घना कोहरे के साथ तापमान में गिरावट आने से ठंड में वृद्धि की संभावना है। घना कोहरा से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होगी। लोगों से इस दौरान सावधान रहने की अपील की गई है।

समस्तीपुर में गलन भरी ठंड से परेशान रहे लोग :

समस्तीपुर में जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को गलन भरी ठंड से जनजीवन प्रभावित रहा। लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं। पछुआ हवा के कारण निरंतर तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 8 डिग्री गिरकर 16 डिग्री पर पहुंच गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। एक दिन पहले अधिकतम तापमान 24 डिग्री था। वहीं न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया। इस अवधि में कुछ स्थानों पर कहीं बूंदाबांदी हुई तथा सुबह में घना कुहासा देखा गया। जिससे लोगों को दैनिक कार्य करने में परेशानी हुई।

ठंड से बचाव के लिए लोगों को विभिन्न जगह अलाव तापते देखा गया। साथ ही मकर संक्रांति पर लोगों को स्नान पूजा में परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार की अल सुबह से घने कोहरे के कारण सड़कों पर अंधेरा पसरा रहा।

घने कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें :

घने कोहरे के कारण लोगों को आवागमन करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग लाइट जलाकर वाहन चलाते देखे। पूरे दिन धूप दिखाई नहीं देने से दैनिक मजदूरी करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं घर में महिला, वृद्ध व बच्चों को परेशानी झेलनी पड़ी।

वे ठंड से बचाव के लिए अपने-अपने घरों में या तो रजाई, कंबल में दुबके रहे या अलाव या हीटर आदि का सहारा लेते रहे। वहीं ठंड के कारण बाजार व सड़कों पर कम ही लोग दिखाई दिए।

समस्तीपुर समेत कई जिलों में कोहरा का असर :

उत्तर बिहार के जिलों में 15 से 19 जनवरी तक मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है। 15 जनवरी को उत्तर पश्चिम बिहार तथा तराई के जिलों के अनेक स्थानों पर सुबह में मध्यम से घना कुहासा छाया रह सकता है। समस्तीपुर तथा इसके आसपास में हल्के से मध्यम कुहासा छाए रहने का अनुमान है। डा. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा मौसम विभाग के अनुसार पूर्वानुमानित की अवधि अधिकतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकती है। वहीं पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 3 से 7 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से पछिया हवा चलने की संभावना है।

वहीं अगले 24 घंटों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज, सिवान, सारण, मधुबनी, पटना, भागलपुर, पूर्णिया, अररिया और बेगूसराय में देर रात से सुबह तक घना कोहरा रहेगा। यात्रा करने वालों को सावधान रहने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *