📍 दरभंगा | रिपोर्ट: दरभंगा लाइव न्यूज़
दरभंगा। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की लापरवाही और ब्रजकिशोर पथ, लहेरियासराय के पीड़ित दुकानदारों को डराने-धमकाने के विरोध में दरभंगा नगर निगम व्यवसायी महासंघ ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक नायक के नेतृत्व में सभी दुकानदारों ने आज सुबह 7 बजे से अपनी दुकानों को बंद कर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया। बीके रोड की सभी दुकानों को बंद रखा गया।
अध्यक्ष अशोक नायक ने कहा कि पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना पदाधिकारी उच्च न्यायालय के आदेश (सीडब्ल्यूजेसी नम्बर 13134/2024) का पालन नहीं कर रहे हैं। 4 फरवरी 2025 को नगर आयुक्त, वरीय परियोजना पदाधिकारी पुल निगम और दुकानदारों के साथ संयुक्त बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि पुल निर्माण विभाग 10 दिनों के अंदर वर्तमान दुकान के पीछे नाला का निर्माण करेगा, ताकि नगर निगम नया बाजार भवन का निर्माण शुरू कर सके और 61 पीड़ित दुकानदारों को पुनः स्थापित किया जा सके। लेकिन पुल निर्माण विभाग न्यायालय के आदेश का उल्लंघन कर दुकानदारों को धमकाने और डराने का कार्य कर रहा है।

अशोक नायक ने कहा कि दुकान संख्या 73 और 74 के सामने पुल निगम ने बड़ी-बड़ी मशीनें खड़ी कर दी हैं और सड़क काटना शुरू कर दिया है। विरोध करने पर पुल निगम के कर्मियों ने दुकानदारों के साथ झगड़ा किया और यह कहा कि पुल निगम न्यायालय के आदेश का पालन नहीं करती है, और दुकानदारों को दुकानें खाली कर देने को कहा।
महासंघ ने यह भी कहा कि पुल निगम पहले नाला का निर्माण करें, ताकि नगर निगम नया बाजार भवन का कार्य शुरू कर सके। न्यायालय का आदेश था कि 6 माह में नया बाजार भवन बनकर तैयार हो जाए, जिसका अंतिम समय सीमा 23 मार्च 2025 थी।
धरना स्थल पर पुल निगम के एसडीओ उत्तम कुमार और लहेरियासराय थाना प्रभारी दीपक कुमार पहुंचे और महासंघ से वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि 25 अप्रैल 2025 तक नाला निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा और दुकानों के सामने पुल निगम कोई भी कार्य नहीं करेगा। यदि पुल निगम ने इस निर्णय का पालन नहीं किया, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
धरना को नीलांबर झा, नरसिंह यादव, मृत्युंजय झा, दीपक जयसवाल, प्रभाकर सिंह, शंकर तिवारी, शंकर चौधरी, गिरजानंद झा, प्रवीण झा, सुमन गुप्ता, पंकज सोनी, दिनेश चौधरी, महेश चौधरी, मो. आशिक, मनोज चौधरी, पप्पू राय, बच्चा बाबू, शंभुनाथ ठाकुर, सुनील मंडल, संतोष खरगा, बिकाऊ चौधरी सहित अन्य ने संबोधित किया।
