राजद जिला अध्यक्ष उदय शंकर यादव ने किया दरभंगा में बड़े भ्रष्टाचार का खुलासा, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
दरभंगा | राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जिला अध्यक्ष उदय शंकर यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दरभंगा में हो रहे अनियमितता और भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य खाद्य निगम में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां की जा रही हैं, जिसे प्रशासन और माफिया गठजोड़ मिलकर अंजाम दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 2022 में भी उन्होंने टीपीडीएस गोदामों में 52,000 कुंटल अनाज के गबन का मामला उजागर किया था, लेकिन इस घोटाले को दबा दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि एक व्यक्ति अकेले इतनी बड़ी मात्रा में अनाज चोरी नहीं कर सकता, यह पूरी तरह से ट्रांसपोर्टरों और पदाधिकारियों की मिलीभगत का मामला है। उन्होंने इसे नीतीश शासनकाल के भ्रष्टाचार का एक बड़ा उदाहरण बताया।

2025 में भी हो रही अनियमितताएं, ट्रांसपोर्ट पॉलिसी की अनदेखी का आरोप
उदय शंकर यादव ने दावा किया कि 2025 में भी राज्य खाद्य निगम की दरभंगा शाखा में माफियाओं की मिलीभगत से नियमों के खिलाफ नियुक्ति प्रक्रिया चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि 2018 की नई ट्रांसपोर्ट पॉलिसी को दरकिनार कर 2024/2025 के लिए सीटों पर गुपचुप तरीके से नियुक्तियां की गईं।
उन्होंने 11 जनवरी को आयोजित होने वाली प्री-बिड मीटिंग को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का बहाना बनाकर रद्द करने पर सवाल उठाया और कहा कि बैठक को दोबारा आयोजित नहीं किया गया, जिससे नए लोगों को टेंडर प्रक्रिया में भाग लेने से रोका गया।

“माफियाओं के चंगुल में है पूरी टेंडर प्रक्रिया” – उदय शंकर यादव
राजद नेता ने साफ कहा कि प्रशासनिक भ्रष्टाचार के कारण टेंडर की प्रक्रिया पूरी तरह माफियाओं के हाथों में चली गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन और माफिया मिलकर गरीबों का हक लूटने की कोशिश करेंगे, तो राजद इसका कड़ा विरोध करेगा।
उन्होंने घोषणा की कि राजद इस मुद्दे को न सिर्फ सड़क पर बल्कि सदन में भी उठाएगा और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।
