Mahakumbh 2025 : बिहार की बेटी अनामिका ने रचा इतिहास ! कुंभ ध्वज लेकर 13000 फुट से लगाई छलांग, बनाया विश्व रिकॉर्ड.

Mahakumbh 2025 : बिहार की बेटी अनामिका शर्मा ने इतिहास रच दिया है। अनामिका ने बैंकॉक में महाकुंभ का झंडा लेकर 13,000 फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया। इस दौरान उन्होंने ‘दिव्य कुंभ भव्य कुंभ’ का संदेश दिया और पूरी दुनिया को महाकुंभ में आने का निमंत्रण दिया। सोशल मीडिया पर उनके इस कारनामे की खूब तारीफ हो रही है। बता दें कि इससे पहले भी अनामिका के नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हैं। वे 2024 में अयोध्या में श्री राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान भी विश्व रिकॉर्ड बना चुकी हैं।

अनामिका जहानाबाद के मखदुमपुर प्रखंड के कनौली गांव की रहने वाली हैं। अनामिका ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय मनौरी और संस्कार इंटरनेशनल स्कूल सुलेमसराय से पूरी की है। अब तक अनामिका 300 से ज्यादा स्काईडाइव कर चुकी हैं, जो उन्हें दुनिया की सबसे कम उम्र की स्काईडाइवर्स में से एक बनाता है।

 वायुसेना से रिटायर हैं पिता :

अनामिका के पिता अजय शर्मा वायुसेना से रिटायर हैं। वर्तमान में प्रयागराज में रहते हैं। दो बेटियों में अनामिका छोटी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार ही नहीं बल्कि पूरे गांव में खुशी का माहौल है।

 

2024 में भी बनाया था विश्व रिकॉर्ड :

बता दें कि अनामिका ने पहली स्काई जंपिंग तब की थी जब वह 10 साल की थीं। उनके पिता ने उन्हें ट्रेनिंग दी है। वहीं, इस विश्व रिकॉर्ड से पहले भी अनामिका के नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हैं। वह 2024 में अयोध्या में श्री राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान भी विश्व रिकॉर्ड बना चुकी हैं।

अनामिका ने साल 2023 में विंगसूट रेडियो जंप और 2022 में विंगसूट स्विंग जंप करके एक और रिकॉर्ड बनाया, जो बेहद अद्भुत और जोखिम भरा स्काई डाइविंग जंप था। दोनों जंप 14,000 फीट की ऊंचाई से किए गए थे।

20 साल की उम्र में बनी स्काईडाइवर :

अनामिका 20 साल की उम्र में यूनाइटेड स्टेट्स पैराशूट एसोसिएशन (USPA) की सी-श्रेणी में स्काईडाइविंग लाइसेंसधारी बन गई हैं। इससे वह भारत की सबसे कम उम्र की लाइसेंस प्राप्त स्काईडाइवर बन गई हैं। अनामिका ने 2023 में विंगसूट पायलट के साथ TAC-750 विमान से छलांग लगाकर इतिहास रच दिया।

13,000 फीट की ऊंचाई से लगाई छलांग:

अनामिका ने विंगसूट पायलट के साथ 13,000 फीट की ऊंचाई से छलांग लगाई और 6,000 फीट पर उसके ऊपर से छलांग लगाई, 4,000 फीट पर पैराशूट खोला और सफल लैंडिंग की। यह रेडियो स्काईडाइविंग जंप उनके साहस और तकनीकी कौशल का प्रतीक है।

भारत में अब तक किसी भी महिला स्काईडाइवर ने यह कारनामा नहीं किया था। उन्होंने TAC-750 विमान से यह छलांग लगाई, जिसे एडवेंचर स्पोर्ट्स में एक खास उपलब्धि माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *