Sarkari Jobs : बिहार के राजस्व विभाग में 1249 पदों पर होगी भर्ती, राजस्व मंत्री संजय सरावगी ने किया ऐलान.

Sarkari Jobs : बिहार में सरकारी नौकरी का इंतज़ार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राजस्व व भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने राज्य में 1249 सर्वे कर्मियों की बहाली का ऐलान किया है। इसके लिए उन्होंने बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद से जल्द मेधा सूची प्रकाशन का अनुरोध किया है।

राजस्व व भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने सर्वे कर्मियों की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरा कराने के लिए विभाग के सचिव जय सिंह को निर्देश दिया है। इसके पहले मंत्री ने भूमि सर्वेक्षण व बंदोबस्त प्रगति की समीक्षा की थी।

इस दौरान अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि वर्तमान में विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त के काम में 11262 कर्मी कार्यरत हैं। नए कर्मियों की बहाली के बाद सर्वे कर्मियों की संख्या बढ़कर 12511 हो जाएगी। इससे भूमि सर्वे के काम में और तेजी आएगी।

राजस्व व भूमि सुधार विभाग ने बताया कि जिन नए सर्वे कर्मियों को नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया चल रही है, उनमें शिविर प्रभारी के 49, कानूनगो के 58, लिपिक के 89 और सबसे अधिक अमीन के 1053 पद शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *