Bihar News : बिहार में बारिश के साथ वज्रपात का कहर, बिजली गिरने से एक दिन में 10 लोगों की मौत.

Bihar News : बिहार में अभी बारिश का मौसम शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन आसमानी आफत ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार देर रात हुई बारिश के दौरान वज्रपात से 10 लोगों की मौत हो गई। इनमें से सबसे अधिक मौतें बेगूसराय और मधुबनी में हुई हैं। बेगूसराय में 4, मधुबनी में 3, दरभंगा में 2 और अररिया में 1 व्यक्ति की मौत हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

बेगूसराय में 4 लोगों की मौत : देर रात मौसम बदलने के बाद बेगूसराय में भारी बारिश हुई। इस दौरान वज्रपात से दो लोगों की मौत हो गई। भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र के मोख्तियारपुर पंचायत के मनोपुर गांव के वार्ड नंबर 01 निवासी रामकुमार सदा की पुत्री 13 वर्षीय अंशु कुमारी की मौत हो गई। बलिया थाना क्षेत्र के भगतपुर में वज्रपात से एक वृद्ध मजदूर की मौत हो गई। उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक भगतपुर निवासी 60 वर्षीय बिराल पासवान है। दोनों पुआल ढोने के लिए बहियार जा रहे थे।

साहेबपुर कमाल के सनहा नवटोलिया निवासी अधेड़ महिला इंदिरा देवी की भी वज्रपात से मौत की खबर है। घटना मशुदनपुर दियारा पथ के मोहनपुर ढाबा के पास की बताई जा रही है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोला बहियार में फसल देखकर लौट रहे किसान की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक सुजा निवासी स्वर्गीय कामो महतो का 45 वर्षीय पुत्र पंकज महतो बताया जाता है।

मधुबनी में 3 लोगों की मौत : मधुबनी में बुधवार की सुबह वज्रपात से पिता-पुत्री समेत 3 लोगों की मौत हो गई। पहली घटना झंझारपुर के पिपरौलिया में हुई। खेत गई एक महिला की वज्रपात से मौत हो गई। वह रेवन महतो की पत्नी रेखा थी। वहीं, अंधराठाढ़ी के रुद्रपुर के अलपुरा गांव में वज्रपात से पिता-पुत्री की मौत हो गई। 62 वर्षीय जाकिर अपनी 18 वर्षीय बेटी आयशा के साथ खेत में रखे गेहूं के बोझ को ढकने के लिए तिरपाल लेकर जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। यहां बीती रात से ही बारिश हो रही है।

इससे मधुबनी शहर की सड़कों पर पानी भर गया है। दरभंगा के कुछ इलाकों में भी बारिश हुई है। दरभंगा के जाले में मंगलवार की रात तेज हवा चलने से लोगों के मिट्टी के मकानों की छतें उड़ गईं।

दरभंगा में  2 की मौत : दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र में बुधवार को आंधी के साथ हुई तेज बारिश के दौरान वज्रपात से दो लोगों की मौत हो गई। बताया जाता है कि लदहो पंचायत के कटैया गांव निवासी स्वर्गीय लखन चौपाल के 68 वर्षीय पुत्र जवाहर चौपाल सुबह 8 बजे गेहूं की थ्रेसिंग के लिए अपने खेत में गए थे। जहां बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दूसरी ओर रोहार-महमूदा पंचायत के महमुदा गांव में सुबह करीब 11 बजे बारिश के दौरान अजीत यादव के घर पर वज्रपात हो गया। इससे घर में बैठे उसके 10 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार की मौत हो गई। सूचना मिलने पर एसओ आदित्य शंकर पुलिस बल के साथ दोनों घटना स्थलों का निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।

अररिया में एक व्यक्ति की मौत : फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत परवाहा पंचायत के घिवहा वार्ड संख्या दो में मंगलवार की रात वज्रपात से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक परवाहा वार्ड संख्या दो निवासी मो गफूर का पुत्र करीब पचास वर्षीय मो सब्बीर बताया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *