Bihar Sports News : बिहार में आज से खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की शुरुआत हो गई है। ऐतिहासिक अंग प्रदेश भागलपुर के सैंडिस ग्राउंड में अंडर-19 तीरंदाजी प्रतियोगिता के साथ इस आयोजन की शुरुआत हुई। यह पहला मौका है जब भागलपुर जैसे सांस्कृतिक और शैक्षणिक रूप से समृद्ध शहर को इस तरह के राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ है।
रविवार की सुबह जैसे ही जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और एसएसपी हृदयकांत ने पारंपरिक तरीके से तीर चलाकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया, मैदान में धनुष-बाण की ध्वनि गूंज उठी। खिलाड़ियों की एकाग्र आंखों में जहां सटीक निशाने की चमक थी, वहीं उनके भीतर ओलंपिक में देश का नाम रोशन करने का उत्साह साफ झलक रहा था। 18 राज्यों के 61 युवा तीरंदाजों के बीच कौशल और धैर्य की रोमांचक जंग शुरू हो गई है।
खेल मंत्री करेंगे औपचारिक उद्घाटन : रविवार की शाम छह बजे भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया वर्चुअल माध्यम से इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया जैसी पहल शुरू की गई है। इन खेलों के जरिए प्रतिभाओं को पहचान मिलने के साथ ही उन्हें भविष्य के ओलंपिक के लिए तैयार किया जा रहा है।
प्रतियोगिताओं की समय सारिणी : तीरंदाजी प्रतियोगिता 4 मई से 7 मई तक सैंडिस कंपाउंड खेल मैदान में आयोजित की जा रही है, जबकि बैडमिंटन प्रतियोगिता 10 मई से 13 मई तक इंडोर बैडमिंटन हॉल में होगी। इन खेलों में भाग लेने के लिए बिहार के अलावा आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा नगर हवेली, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश जैसे राज्यों के खिलाड़ी भागलपुर पहुंच चुके हैं।
प्रशासन के उच्चस्तरीय इंतजाम : राष्ट्रीय आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने हर मोर्चे पर विशेष तैयारी की है। खिलाड़ियों की सुरक्षा, उनके परिवहन, भोजन और आवास के लिए उच्चस्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। खिलाड़ियों और अधिकारियों का देवघर एयरपोर्ट और भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। महिला खिलाड़ियों, कोच और अधिकारियों को होटल चिन्मय इन, पुरुष कोच और अधिकारियों को होटल विद्या रेजीडेंसी और पुरुष खिलाड़ियों को होटल अशोका ग्राउंड में ठहराया गया है।