Road Accident: बिहार में भीषण हादसा ! कटिहार में स्कॉर्पियो और ट्रैक्टर की टक्कर में 8 बारातियों की मौत, 2 जख्मी.

Road Accident : बिहार के कटिहार में भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में 8 बारातियों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, हादसे में दो लोग घायल हो गए हैं। इनका इलाज चल रहा है। ये सभी लोग स्कॉर्पियो से बारात जा रहे थे। घटना पोठिया थाना क्षेत्र में सोमवार की रात की है, जहां चांदपुर अंतर्गत हनुमान मंदिर के पास बारातियों से भरी स्कॉर्पियो खड़ी ट्रैक्टर से टकरा गई। सभी मृतक पूर्णिया के बड़हरा कोठी के ढिबरा बाजार के रहने वाले थे। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसीएच (पूर्णिया) रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताया जाता है कि बाराती कटिहार के कुर्सेला थाना क्षेत्र अंतर्गत कोशकीपुर जा रहे थे। इसी बीच चांदपुर चौक के पास मकई का ढेर देखकर चालक ने नियंत्रण खो दिया और फिर स्कॉर्पियो मकई से लदे ट्रैक्टर से टकरा गई। इस भीषण हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

 

 

एक प्रत्यक्षदर्शी और बारात के साथ जा रहे एक व्यक्ति ने बताया कि हम लोग पीछे से बाइक पर थे। सड़क पर मकई का ढेर था। स्कॉर्पियो उस पर चढ़ गई। आगे एक ट्रैक्टर खड़ा था। उस पर मकई लदा था। मकई के ढेर पर चढ़ने के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। व्यक्ति ने बताया कि हम लोग बड़हरा कोठी (पूर्णिया) के ढिबरा बाजार से बाराती बनकर आ रहे थे। हमें कोशकीपुर जाना था। स्कॉर्पियो में चालक समेत कुल 10 लोग सवार थे। अब तक आठ लोगों की मौत हो गई है। इस वाहन में दूल्हा नहीं था। सिर्फ बाराती थे। उन्होंने बताया कि हम लोग गांव से पांच वाहनों में बारात के लिए निकले थे।

घायलों में दो युवक शामिल हैं। एक का नाम उदय कुमार और दूसरे का अभिषेक कुमार है। दोनों की उम्र करीब 25-26 साल होगी। हालांकि मृतकों के बारे में जानकारी सामने नहीं आई है। एसडीपीओ-2 धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि संबंधित थाने की पुलिस को मौके पर भेजा गया है। पुलिस अस्पताल भी पहुंच गई है। मृतकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इस खबर के बाद शादी की खुशियों के बीच मातम पसर गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *