Bihar News : बिहार में ज्यादातर अपराध भूमि विवाद के कारण हो रहे हैं। एक सर्वे में यह बात सामने आई है. ऐसे में आने वाले दिनों में भूमि विवाद के मामलों को कम करने और भू-माफियाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय ने नई रणनीति तैयार की है। पुलिस मुख्यालय CID के तहत एक स्पेशल टास्क फोर्स बनाने जा रहा है। यह टास्क फोर्स भू-माफियाओं की पहचान कर कार्रवाई करेगी। बिहार के DGP विनय कुमार ने भू-माफियाओं पर लगाम लगाने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स बनाने के निर्देश जारी किए।
जानकारी के मुताबिक मुख्यालय स्तर पर इसकी जिम्मेदारी CID को सौंप दी गई है। इस स्पेशल टास्क फोर्स का मुखिया DSP रैंक का अधिकारी बनाया जाएगा। इस स्पेशल टीम की निगरानी SP और IG रैंक के अधिकारी करेंगे। आपको यहां यह भी बता दें कि सबसे पहले ऐसे थानों की पहचान की जाएगी और वहां के भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। CID की यह स्पेशल टास्क फोर्स जमीन से जुड़े सभी मामलों का समाधान करेगी।
स्पेशल टास्क फोर्स थानों में जाकर जांच करेगी: इस बारे में बिहार के डीजीपी विनय कुमार का कहना है कि जब वे खुद एडीजी सीआईडी थे, तब वे देख रहे थे कि भू-माफियाओं के कारण भूमि विवाद के मामले सामने आते हैं। अब डीजीपी बनने के बाद जब उन्होंने भूमि विवाद के मामलों की समीक्षा की, तो उन्होंने देखा कि भूमि विवाद में भू-माफियाओं का ही बोलबाला है। भू-माफियाओं के कारण भूमि विवाद बढ़ रहे हैं। कई बार भूमि विवाद के कारण हत्या तक हो जाती है। इसलिए बिहार के सभी 1300 थानों में से यह स्पेशल टास्क फोर्स सबसे पहले उन थानों में जाकर ऐसे मामलों की जांच करेगी।
दोषी पुलिस अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई : विनय कुमार ने कहा कि जिन थानों में भूमि विवाद के सबसे ज्यादा मामले हैं, वहां के पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। अगर जांच के दौरान पाया गया कि थाना स्तर पर भू-माफियाओं को संरक्षण दिया जा रहा है, तो उन पुलिस अधिकारियों पर कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बिहार में भू-माफियाओं को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा।