Kisan Mela 2025 : समस्तीपुर के पूसा स्थित राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय परिसर में तीन दिवसीय किसान मेला शुरू हुआ। शनिवार को इस मेले का विधिवत उद्घाटन करते हुए बिहार सरकार के मंत्री महेश्वर हजारी ने कहा कि आज देश के किसान वैज्ञानिक तकनीक से खेती कर रहे हैं, जिससे कृषि उपज बढ़ी है। वहीं उपज बढ़ने से किसानों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि राजेंद्र केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय ने बिहार के किसानों को विकास की नई गाथा लिखने में मदद की है। इस मौके पर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ पीएस पांडे ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस किसान मेले में देशभर के कृषि से जुड़े विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों के द्वारा 180 स्टाल लगाए गए हैं। इस मेले में विश्वविद्यालय की ओर से किसानों के हित में तैयार की गई विभिन्न तकनीक का प्रदर्शनी लगायी गयी है। जिसमें किसानों को नई तकनीक से खेती करने की जानकारी दी जा रही है।
वहीं, मेले में आए किसानों के मनोरंजन के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। साथ ही किसान के रहने और खाने-पीने का भी प्रबंध यहां किया गया। इस दौरान कृषि गोष्ठी के जरिए वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को नई तकनीक से खेती करने के बारे में जानकारी देंगे।