बक्सर के लाल डॉ पंकज बने दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री,भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दी शुभकामनाएं                  बक्सर खबर। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद गुरुवार को रामलीला मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। इस दौरान बक्सर जिले के धरौली निवासी डॉ पंकज सिंह ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। उनकी इस उपलब्धि पर न सिर्फ बक्सर, बल्कि पूरे बिहार में हर्ष की लहर दौड़ गई। इस खुशी में नगर परिषद क्षेत्र के अहिरौली स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने अपने संबोधन में कहा, “बक्सर की धरती ने कई महान विभूतियों को जन्म दिया है, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। आज उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए डॉ पंकज सिंह को भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया है। यह जिले के लिए गर्व का क्षण है। हम इस उपलब्धि पर हर्षित हैं और केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।”

उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ पंकज सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदर्शों और भाजपा के सिद्धांतों को आत्मसात कर गरीबों व वंचितों के कल्याण हेतु कार्य करेंगे। डॉ पंकज सिंह के मंत्री बनने पर जिलेभर में हर्ष का माहौल है। इस खुशी के मौके पर भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशी का इजहार किया। कार्यकर्ताओं ने डॉ पंकज सिंह के नेतृत्व में दिल्ली सरकार में गरीब, वंचित और समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों के लिए सार्थक कार्य होने की उम्मीद जताई। भाजपा नेताओं ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा जताई कि वे अपने प्रशासनिक कौशल और जनसेवा की भावना से दिल्ली की जनता को बेहतर नेतृत्व प्रदान करेंगे। इस अवसर पर तेज प्रताप सिंह, अमरनाथ जायसवाल, सुनील सिंह, ज्वाला सैनी, आशा नंद सिंह, रमेश गुप्ता, लक्ष्मण शर्मा, पुनीत सिंह, अविनाश पांडेय, सुनील कुमार, संजय शाह, रूपेश दुबे, दुर्गेश विद्रोही और जिला मीडिया प्रभारी उमाशंकर राय सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *