रामनवमी और चैती छठ पर होगी ड्रोन व सीसीटीवी से निगरानी

डीएम और एसपी ने प्रशासनिक तैयारियों का लिया जायजा, असामाजिक तत्वों पर रहेगी कड़ी नजर      बक्सर खबर। चैती छठ और रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के नेतृत्व में सुरक्षा और व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया गया। डुमरांव के छठिया पोखरा का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रशासन ने छठ घाटों पर सुरक्षा और सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी है। कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद डुमरांव को निर्देश दिया गया है कि सभी घाटों पर लाल झंडे लगाकर गहरे पानी से बचने की चेतावनी दी जाए। साथ ही, घाटों और रास्तों की सफाई, बैरिकेडिंग और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

प्रमुख घाटों पर चेंजिंग रूम और अस्थायी शौचालय की व्यवस्था भी की जाएगी। छठिया पोखरा पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी का प्रबंध होगा। इसके अलावा, एक अस्थायी नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया जाएगा। छठ पूजा के दौरान यातायात प्रबंधन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी को तैनात किया गया है। मुख्य सचिव बिहार की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भाग लिया। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। रामनवमी पर्व के मद्देनजर प्रशासन ने संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए हैं। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय किया जा रहा है। शांति समिति की बैठक आयोजित कर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। जिला प्रशासन ने दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *