न्यूज़ विज़न। बक्सर
चार दिवसीय लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व चैती छठ पर्व के तीसरे दिन शहर के विभिन्न घाटों पर गंगा में खड़े होकर व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर अभय वरदान मांगा। शहर के अलावा जिले के विभिन्न गावों से व्रती बक्सर गंगा तट स्थित विभिन्न घाटों पर पहुंच भगवान भास्कर की पूजा अर्चना किये। शुक्रवार को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य के साथ सम्पन्न हो जायेगा चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छाती छठ।
दोपहर बाद से ही घरों से गंगा घाट जाने के लिए दऊरा निकलने लगा। शाम चार बजे तक शहर के रामरेखा घाट पर पेअर रखने की जगह न बचा हो। प्रमुख गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर की अराधना की और अर्घ्य अर्पित की। वैसे सबसे अधिक भीड़ शहर के रामरेखा घाट, सती घाट और नाथ बाबा घाट पर दिखी। इन गंगा घाटों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी। मन्नत के अनुसार व्रती व उनके परिजन गाजे-बाजे के साथ भी गंगा घाट पहुंचे। वहीं कई व्रती भूपरी करते हुए गंगा घाटों पर पहुंचे। व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर मंगल कामना की। पूरा माहौल भक्तिमय दिखा।
रामरेखा घाट, नाथ बाबा घाट, सती घाट समेत अन्य चयनित घाटों पर सुरक्षा का व्यापक प्रबंध प्रशासन की ओर से किया गया था। व्रती या उनके परिजन गहरे पानी में नहीं जाएं इसके लिए नगर परिषद की ओर से बैरिकेडिंग कराई गई थी। नगर परिषद की ओर से साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था करते हुए घाट पर लाइट का प्रबंध किया गया था। वहीं घाट पर महिला एवं पुरूष पुलिस के जवानों की तैनाती की गई थी।