रामनवमी पर जिले के मंदिरों और रामभक्तों पर विश्वामित्र सेना ने हेलीकॉप्टर से किया पुष्पवर्षा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 

ऐतिहासिक और आध्यात्मिक नगरी बक्सर, रामनवमी के पावन अवसर पर मंदिरों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा जैसे ऐतिहासिक दृश्य का साक्षी बना। जिले में पहली बार विश्वामित्र सेना द्वारा संपूर्ण बक्सर और रामभक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। इस अनोखे पहल के माध्यम से पूरे क्षेत्र में रामनवमी का उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा नई ऊंचाइयों तक पहुँच गई। इस भव्य आयोजन का नेतृत्व विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राज कुमार चौबे ने स्वयं किया। उन्होंने हेलीकॉप्टर में सवार होकर श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की और शोभायात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर सनातन संस्कृति की दिव्यता को नमन किया।

 

रामभक्तों और मंदिरों पर पुष्प वर्षा के पश्चात विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राज कुमार चौबे ने कहा कि यह मेरा कोई व्यक्तिगत कार्य नहीं है। यह प्रभु श्रीराम और महर्षि विश्वामित्र का आशीर्वाद है। मेरा संकल्प है कि मैं बक्सर की प्राचीन गरिमा और सनातन सांस्कृतिक विरासत को पुनः विश्वपटल पर स्थापित करूं। विश्वामित्र सेना की यह पहल केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने बक्सर के ऐतिहासिक महत्व और सनातन संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय पहचान की दिशा में एक नया आयाम दिया। रामनवमी की शोभायात्रा में सम्मिलित समस्त श्रद्धालुओं एवं धार्मिक स्थलों पर पुष्पवर्षा कर इस आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया गया।

 

पुष्पवर्षा का यह अनुपम दृश्य देखने के लिए बच्चे, युवा, वृद्ध सभी अपने घरों से बाहर निकल आए और बक्सर की सड़कों पर धर्म और श्रद्धा की अद्भुत संगम देखने को मिली। ढोल-नगाड़ों की गूंज और पुष्पों की वर्षा ने पूरे नगर को जैसे त्रेतायुग की अनुभूति करा दी, मानो स्वयं प्रभु श्रीराम अपना जन्मोत्सव बनाने अपनी कर्मभूमि पर पधारे हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *