न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के सिकरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरधरपुर गांव में एक विवाहिता की हत्या कर शव गायब करने का मामला सामने आया है। जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतका के मायके और ससुराल वालों से पूछताछ के आधार पर जांच में जुट गई है। वही इस घटना के बाद गांव में भी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
घटना के सम्बन्ध में प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहतास जिला के दिनारा थाना क्षेत्र के छपरा टोला के उमाशंकर चौधरी की पुत्री प्रियंका की शादी करीब दस वर्ष पूर्व गिरधरपुर गांव के मनीष चौधरी के साथ हुई थी। सोमवार की रात प्रियंका की माैत हाे गई। इसकी सूचना मायके वालाें काे लगी। सूचना मिलने पर मायके वाले मौके पर पहुंच गए। जिनका अाराेप है कि ससुराल वालों ने प्रियंका की हत्या कर शव काे गायब कर दिया है। मायके वालों ने मनीष चौधरी के साथ पिंटू चाैधरी, सास, ससुर के खिलाफ हत्या कर शव गायब करने का आवेदन पुलिस काे दिया है। घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी और सिकरौल थाना अध्यक्ष बीरेंद्र प्रसाद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच की और पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। ग्रामीण सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रियंका के माैत के बाद ससुराल वालो ने शव का दाह संस्कार भी कर दिया है।
प्रियंका के पिता के अनुसार घटना के बाद ससुराल के सभी सदस्य फरार हो गए हैं। उसके पति मनीष चौधरी, देवर पिंटू चौधरी, सास, ससुर सहित पूरा परिवार घर छोड़कर गायब हो गया है। पुलिस अब उनके खिलाफ खोजबीन कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। प्रियंका कुमारी के दो बेटियां और एक बेटा हैं, जिनकी उम्र छोटी है। प्रियंका के माैत के बाद बच्चों के भविष्य पर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रियंका के पिता उमाशंकर चौधरी ने बच्चों की देखभाल का जिम्मा लिया है। उन्होंने कहा कि मामले की जल्दी से जल्दी निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हाे।