फाउंडेशन स्कूल में आयुष मन्त्रालय द्वारा योगोत्सव कार्यक्रम का हुआ आयोजन

न्यूज़ विज़न। बक्सर 

मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एम.डी.एन.आई.वाई.), आयुष मन्त्रालय, भारत सरकार एवं आर्यावर्त सिद्धान्त संरक्षक न्यास द्वारा अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के 68 दिन अवशेष रहने पर योगोत्सव का हर्षोल्लास के साथ आयोजन शहर के लालगंज स्थित फाउण्डेशन स्कूल के परेड़ ग्राउण्ड में 1,500 से अधिक लोगों के बीच योग को आत्मसात किया गया। कार्यक्रम का आरम्भ हरित योग को ध्यान में रखते हुए पहले पौधरोपण किया गया तत्पश्चात दीप-प्रज्ज्वलन, शंखनाद एवं मंगलाचरण के साथ कार्यक्रम प्रारम्भ हुआ। एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिये योग के थीम को ध्यान में रखते हुए अभिराम सुन्दर ने ओजस्विता पूर्ण वाणी से संचालन किया।

 

योग का शुभारम्भ योगाचार्या यशिता शर्मा ने अपनी पूरी टीम के साथ पारंपरिक योग के स्वरूप को आत्मसात् कराते हुए ओंकार निनाद के साथ ईश्वर प्रार्थना, ग्रीवा शक्ति विकासक आदि सूक्ष्म क्रियाओं का अभ्यास, ताड़ासन आदि आसनों का  अभ्यास, प्राणायाम से अन्तर्निहित द्वंद्वात्मकता को समाप्त करते हुए योगनिद्रापरक शवासन, स्थूल से सूक्ष्म की ओर बढ़ते हुए  ध्यान, विश्व कल्याण की भावना से साधकों ने शान्ति श्लोकों का वाचन तथा अंतिम में शपथ वाक्य को दुहराया। एक लयबद्धता के साथ बच्चों से लेकर बड़े बुजुर्गों ने भी योग प्रोटोकॉल का आनन्द के साथ अभ्यास। सूर्य के ओजस्विता पूर्ण किरणों के साथ लोगों ने योग अभ्यास से दैनिक दिनचर्या को सम्यक् रखते हुए स्वास्थ्यमय जीवन को प्रसन्नता के साथ जीने की कला प्राप्त की। विद्यालय के प्रधानाचार्य तथा संस्था के विशिष्ट सदस्य विकास ओझा ने सभी आये हुए अतिथियों को पुष्पहार, अंग वस्त्र एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु उपहार स्वरूप पौधा प्रदान करके सम्मान किया। यह कार्यक्रम फाउंडेशन स्कूल के सभागार में विगत तीन दिनों से चल रहा था। जिसमें पहले दिन योग चित्रकारी प्रतियोगिता एवं योग निबंध प्रतियोगिता, दूसरे दिन योगासन प्रतियोगिता एवं विभिन्न स्थानों से समागत प्रतिभागियों को योग प्रोटोकाल का अभ्यास संस्था द्वारा कराया गया। संस्था द्वारा योग एवं आयुर्वेद के क्षेत्र में अद्भुत कार्य करने वाले आचार्यों एवं समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया। विभिन्न स्थानों से आये हुए योग्य योग गुरु सहित प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाले योग साधकों को प्रमाण-पत्र एवं उपहार स्वरूप वृक्ष प्रदान करके सम्मानित किया गया।

 

आयुष  मंत्रालय के विशेष कार्यक्रम के कारण आनलाइन मोड़ से जुड़े मुख्य अतिथि पद्मश्री सन्तोष यादव ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि योग आर्यावर्त के मनीषियों के अद्भुत तप का फल है जिसे आज हम सभी सहजता के साथ प्राप्त कर रहे हैं। बतौर विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर जयप्रकाश ने कहा कि जीवन के सभी दुःखों को दूर करना है तो योग की शरण में आना होगा। योग ही सभी कष्टों को दूर करने में सक्षम है। भारत सरकार के द्वारा योगोत्सव के माध्यम से पूरे विश्व को योग से जोड़ने का संकल्प अद्भुत है जिसका हम सभी संस्था की तरफ से हार्दिक अभिनन्दन करते हैं तथा स्वयं योग से अपने आपको जोड़ते हुए समाज को भी इस दिशा में प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करने हेतु आर्ट ऑफ लिविंग, रेडक्रॉस संस्था, वैद्य वाटिका, जी डी मिश्रा इंस्टिट्यूट आफ हायर स्टडीज, बक्सर स्कूल इत्यादि अनेक संस्थानों से लोगों ने योग साधना के प्रति अभिरुचि को दिखाते हुए प्रतिभाग किया। इसके बाद काशी से पधारे योगी गोपाल की योग साधना का दिग्दर्शन कराया गया जिसमें कठिन आसनों का अभ्यास तथा दीपयोग की प्रस्तुति दी गई।

प्रसिद्ध योग गुरु वर्षा पाण्डेय के द्वारा योग की अनिवार्यता पर प्रकाश डाला गया। वैदिक योग विज्ञान द्वारा ही समाज का नैतिक, शैक्षिक, आर्थिक एवं आध्यात्मिक कौशलता सम्भव है इस पर वैदिक दर्शन विभाग, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से आये आचार्य सत्यनारायण पांडेय ने रखी। फाउंडेशन स्कूल सभागार में अंतरराष्ट्रीय योग सेमिनार किया गया। जिसमें देश तथा विदेश से ऑनलाइन विश्वविख्यात योगियों ने अपना संबोधन वैदिक योग विज्ञान से समाज कल्याण पर व्याख्यान दिया। फाउंडेशन स्कूल परिवार अभिराम(रुद्र) के नेतृत्त्व में तथा आर्यावर्त सिद्धान्त संरक्षक न्यास के साधकों में योगाचार्य शुभम पाण्डेय, डा. दिनेश अरोड़ा, करुणाकान्त दुबे, योगाचार्या संगीता सिंह, योगाचार्य अभिषेक सिंह, आयुष शर्मा, प्रशान्त मिश्र, लकी सिंह एवं ज्ञान सिंह आदि लोगों ने सम्पूर्ण कार्यक्रम में अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभायी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *