चेयरमैन कमरुन निशा ने शुरू किया कंबल वितरण अभियान, ठंड में 6000 जरूरतमंदों को मिलेगा सहारा

वार्ड पार्षदों की मदद से प्रत्येक वार्ड में गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरित किए जाएंगे              बक्सर खबर। ठंड के मौसम में गरीब और असहाय लोगों को राहत देने के लिए नगर परिषद बक्सर ने सोमवार को कंबल वितरण अभियान का शुभारंभ किया। इस पहल की शुरुआत स्थानीय रेलवे स्टेशन परिसर से की गई, जहां नगर परिषद की सभापति कमरून निशा और कार्यपालक पदाधिकारी आशुतोष कुमार गुप्ता ने जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरित किए। ईओ आशुतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि ठंड को देखते हुए नगर परिषद ने 6,000 कंबल मंगवाए हैं। इस अभियान की शुरुआत रोटी बैंक स्थल से की गई, जहां प्रतिदिन असहाय लोगों को भोजन कराया जाता है। खाना खाने के बाद गरीबों और असहायों को कंबल वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि इस दौरान लाभार्थियों का नाम, आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज कर डाटा तैयार किया जा रहा है, ताकि भविष्य में सरकारी योजनाएं इन तक आसानी से पहुंच सकें।

सभापति कमरून निशा ने जानकारी दी कि मंगलवार से यह अभियान नगर के सभी 42 वार्डों में चलाया जाएगा। वार्ड पार्षदों की मदद से प्रत्येक वार्ड में गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरित किए जाएंगे। स्थाई सशक्त समिति के सदस्य इंद्र प्रताप सिंह उर्फ बबन सिंह ने कहा कि जरूरत के हिसाब से और कंबल मंगवाए जाएंगे।

रेलवे स्टेशन परिसर में जरुरतमंद लोगों को कंबल वितरित करते ईओ आशुतोष कुमार गुप्ता व सभापति कमरून निशा।

इस कार्यक्रम में वार्ड पार्षद जय तिवारी, डब्बू गुप्ता, झब्बू राय, नगर परिषद के कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। कंबल वितरण अभियान नगर परिषद की संवेदनशीलता और जरूरतमंदों के प्रति उसके दायित्व को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *