राजस्थान से चोरी हुई थार कोरानसराय में बरामद, चोरों की तलाश जारी

कागजात दिखाने के बहाने फरार हुए आरोपी, पुलिस ने दर्ज की नामजद एफआईआर                               बक्सर खबर। कोरानसराय पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक चोरी की थार बरामद की है, जिसे राजस्थान से चुराकर बिहार के बक्सर लाया गया था। हालांकि, वाहन सवार दो चोर कागजात लाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी पहचान कर नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कोरानसराय थाना के मुख्य गेट के पास पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक काले रंग की महिंद्रा थार, जिसका नंबर BR 26 T 5566 आती दिखाई दी। पुलिस ने जब चालक से कागजात मांगे, तो उसने इसे अपने मित्र की गाड़ी बताते हुए कागजात लाने की बात कही और मौके से निकल गया।

पुलिस को जब संदेह हुआ तो नंबर प्लेट की जांच की गई, जिससे पता चला कि यह नंबर किसी और वाहन का है। बाद में चेचिस नंबर से जब गाड़ी की असली जानकारी निकाली गई, तो यह जयपुर, राजस्थान की पंजीकृत निकली, जिसका असली रजिस्ट्रेशन नंबर RJ 21 CC 8491 था। जब पुलिस ने असली मालिक मदनलाल डुनिया से संपर्क किया, तो उन्होंने बताया कि यह गाड़ी पिछले वर्ष 3 अगस्त को चोरी हो गई थी और उन्होंने स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में नावानगर थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव निवासी विकास सिंह और औद्योगिक थाना क्षेत्र के मझरिया गांव निवासी बीरबल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *