न्यूज विज़न। बक्सर
बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी धीरेन्द्र मिश्रा के कार्यालय में लोकसभा चुनाव 2024 को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए पदाधिकारी एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं अंग वस्त्र से सम्मानित किया गया।
ज्ञात हो कि धीरेंद्र कुमार मिश्रा, बि0प्र0से0 निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी को बीते 25 जनवरी को 15 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिसेज अवार्ड 2024 से सम्मानित किया गया। धीरेंद्र कुमार मिश्रा, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया था। एसडीओ ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने सभी सहकर्मियों, पदाधिकारीगण एवं बीएलओ को दिया। इसका अक्षरशः अनुपालन करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने अवार्ड में प्राप्त राशि को पांच सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं पांच सर्वोच्च बीएलओ को वितरित करने एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान करने का निर्णय लिया। जिसमें आशुतोष गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर, दीपांकर कुमार अवर निर्वाचन पदाधिकारी बक्सर सदर, अशोक कुमार प्रखंड विकास पदाधिकारी चौसा, साधु शरण पांडेय, प्रखंड विकास पदाधिकारी बक्सर एवं प्रशांत शांडिल्य, अंचल अधिकारी बक्सर। इसके अलावा पांच बीएलओ के आलोक, शिक्षक, मतदान केंद्र संख्या 10 कार्यालय भवन प्रमंडल बक्सर बायां भाग, कौशल किशोर, शिक्षक, मतदान केंद्र संख्या 31 जननायक कर्पूरी ठाकुर विधि महाविद्यालय बक्सर मध्य भाग, सरफराज अहमद, शिक्षक, मतदान केंद्र संख्या 24, बालिका उच्च विद्यालय, बक्सर उत्तरी भाग कमरा संख्या 10, छाया देवी, आंगनवाड़ी सेविका, मतदान केंद्र संख्या 104, उत्क्रमित मध्य विद्यालय अर्जुनपुर दक्षिणी भाग, संगीता देवी, आंगनवाड़ी सेविका, मतदान केंद्र संख्या 194, उत्क्रमित मध्य विद्यालय एकडेरवा। इनसभी के अतिरिक्त दो कार्यालय कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र, अंग वस्त्र एवं पुरस्कार राशि देने का निर्णय लिया गया था।
इस निर्णय के अनुपालन में लोकसभा निर्वाचन 2024 में श्रेष्ठ कार्य के लिए पांच पदाधिकारी एवं पांच बीएलओ सहित दो कार्यालय कर्मियों को भी पुरस्कार राशि, प्रशस्ति पत्र एवं अंग वस्त्र से सम्मानित किया गया। सभी चयनित बीएलओ को मतदाता सूची में लिंगानुपात सुधार में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह पुरस्कार दिया गया है जबकि पदाधिकारी एवं कार्यालय कर्मियों को लोकसभा निर्वाचन 2024 के सफल संचालन एवं विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2025 में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी बक्सर को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2025 में उल्लेखनीय योगदान के लिए, प्रखंड विकास पदाधिकारी चौसा को लोकसभा आम निर्वाचन 2024 में उत्कृष्ट योगदान के लिए, अंचल अधिकारी बक्सर को लोकसभा आम निर्वाचन 2024 में वाहन कोषांग के सफल प्रबंधन, दीपांकर कुमार अवर निर्वाचन पदाधिकारी बक्सर को अनुमंडल स्तर पर चुनाव प्रबंधन के सुचारू अनुश्रवण के लिए एवं अशोक कुमार चौबे एवं अविनाश कुमार को अनुमंडल निर्वाचन कार्यालय के दायित्वों के सफल निर्वाहन हेतु इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया।