बिहारशरीफ और नगरनौसा में 4 नदियों पर बनेंगे चेकडैम, किसानों की चमकेगी किस्मत

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के बिहारशरीफ और नगरनौसा प्रखंड में गोइठवा, पंचाने, नोनाइन और जिरायन नदियों पर चार बड़े चेकडैम का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना राज्य सरकार की सात निश्चय पार्ट-2 योजना के तहत शुरू की जा रही है।

ये चेकडैम बिहारशरीफ प्रखंड के छबिलापुर में गोइठवा नदी, देवकली में जिराइन नदी, मघरा में पंचाने नदी और नगरनौसा प्रखंड के मोनियमपुर में नोनाइन नदी पर बनाए जाएंगे।

इस परियोजना का उद्देश्य किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा प्रदान करना है। इस परियोजना का बजट 4 करोड़ 34 लाख रुपए निर्धारित किया गया है और इसका लाभ बिहारशरीफ, नगरनौसा और पटना जिले के दनियावां प्रखंड के हजारों किसानों को मिलेगा।

यह चेकडैम किसानों के लिए वरदान साबित होंगे। चेकडैम निर्माण से किसानों को सिंचाई के लिए पानी की कोई कमी नहीं होगी। इससे वे खरीफ के साथ रबी की फसल भी आसानी से उगा सकेंगे।

इसके साथ ही बाढ़ के पानी को रोकने में भी ये चेकडैम सहायक होंगे। जल संचयन से भूजल स्तर में सुधार होगा और चेकडैम में जमा पानी से मछली पालन को भी बढ़ावा मिलेगा। जिससे अतिरिक्त आय के स्रोत खुलेंगे।

लघु जल संसाधन विभाग के अनुसार इस परियोजना से न केवल कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी, बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। टेंडर की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और चेकडैम बनाने के काम जल्द शुरू किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *