वाल्मीकिनगर के गोल चौक में लगी भीषण आग में लाखों की संपत्ति स्वाहा

वाल्मिकी नगर से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट..

रात्रि डेढ़ बजे लगी आग पर काबू पाने के लिए जुटी वनकर्मियों की टीम ने सुबह आठ बजे आग पर पाया काबू

वाल्मीकिनगर। गुरुवार की सुबह तड़के डेढ़ बजे वाल्मीकिनगर के गोल चौक में आग का तांडव देखने को मिला। गहरी नींद में सोए लोग जब तक कुछ कर पाते तब तक सब कुछ जलकर स्वाहा हो चुका था। वाल्मीकिनगर के गोल चौक निवासी संजीव कुमार सिंह के घर में उस समय आग लग गई जब पूरा क्षेत्र गहरी निद्रा के आगोश में था। आग की लपटों और सामानों की जलने की आवाज सुन जब तक पड़ोसी जागते तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। मौके पर बिहार अग्निशमन की टीम के साथ वन विभाग की टीम वनरक्षी ओमप्रकाश सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंच आग बुझाने में जुट गई। रात्रि डेढ़ बजे से लगी भीषण आग को वन विभाग के कर्मी गुरुवार की सुबह आठ बजे आग बुझाने में कामयाबी हासिल की। वन विभाग के कर्मियों द्वारा आग बुझाने में कड़ी मशक्कत की सराहना स्थानीय लोगों ने भी किया। आग बुझाने के क्रम में गृह स्वामी भी गंभीर रूप से झुलस गए जिनका इलाज जीएमसीएच बेतिया मैं चल रहा है।

गुरुवार की रात्रि गोल चौक में लगी आग ने संजीव कुमार सिंह के सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को आगोश में ले लिया जिसे बचाने के चक्कर में वे खुद आग में झुलस गए। इसके साथ ही ई-रिक्शा, खाद्य सामग्री, तीन पलंग, अलमीरा, बक्सा,चौकठ सहित घर में रखें नए पुराने कपड़ों को अग्नि देव ने स्वाहा कर दिया।स्थानीय लोगों की माने तो लाखों की संपत्ति आग की भेंट चढ़ गई ।

पूर्व में भी दो बार घर में लग चुकी है आग

संजीव कुमार सिंह के घर में 2 साल पूर्व भी दो बार आग लग चुकी है। जिसमें लाखों का संपत्ति स्वाहा हुआ था। यह तीसरी बार अग्नि देव का प्रकोप उनके ऊपर दिखाई दिया। जिसमें लाखों की संपत्ति का नुकसान पहुंचा है।

आग लगने का कारण

संजीव कुमार सिंह पशुपालक हैं।रात में गायों को मच्छरों से बचाने के लिए उनके द्वारा अलाव जलाया गया था। ताकि धुएं से मच्छर नहीं आ सके। अलाव से घर में भीषण आग लग गई। हालांकि सभी गायें सुरक्षित निकाल ली गई। लेकिन घर का सारा सामान स्वाहा हो गया। वन विभाग के कर्मियो की तत्परता से आग पर लगभग 7 घंटे बाद काबू पाया जा सका।

बोले रेंजर

गोल चौक में लगी भीषण आग में वन विभाग के कर्मियों द्वारा अहम भूमिका निभाने के बाबत रेंजर श्रीनिवासन नवीन ने बताया कि वन विभाग के पास आग बुझाने के लिए टैंकर उपलब्ध है। जिसमें आधुनिक मशीन लगा हुआ है। आग लगने की सूचना जैसे ही मिली वनकर्मियों की टीम को घटनास्थल पर भेज गया।वन कर्मियों का नेतृत्व कर रहे वनरक्षी ओम प्रकाश सिंह ने इस घटना में अपनी अहम भूमिका निभाई। इसके लिए लोगों ने भी उनकी सराहना की है। विभाग भी उनकी इस कार्य के लिए धन्यवाद दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *