गाय, गायत्री और मठ मंदिरों की सुरक्षा के लिए धर्म रक्षा समिति का होगा गठन।

धर्मांतरण का विरोध व हिंदू लड़कियों की सुरक्षा की जिम्मेवारी को लेकर धर्म जागरण मंच की बैठक में की गई चर्चा।

वाल्मीकि नगर से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट..

वाल्मीकिनगर। थाना क्षेत्र के चंपापुर गोनौली पंचायत के गोराड़ गांव में रविवार की दोपहर थारू जनजाति के उत्तर बिहार प्रमुख नरेश चौधरी व पंचायत के मुखिया प्रियंका देवी की संयुक्त अध्यक्षता में जनकल्याण संस्थान के बैनर तले धर्मांतरण का विरोध, हिंदू लड़कियों की सुरक्षा, गाय, गायत्री मठ‌‌-मंदिरों की रक्षा एवं संतों का सम्मान करने को लेकर एक बैठक का आयोजन किया गया।इस बैठक में पंचायत के दर्जनों महिलाएं एवं पुरुष शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए धर्म जागरण मंच के पीठाधीश्वर संत रविदास ने ग्रामीणों को सचेत करते हुए कहा कि सनातन धर्म का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम सभी को एकजुट होकर धर्मांतरण का विरोध करना है। हिंदू लड़कियों की सुरक्षा मठ मंदिरों की रक्षा के लिए आगे आना होगा।

इसके लिए धर्म रक्षा समिति का बहुत जल्द गठन होगा जिसमें ग्रामीण महिलाएं एवं पुरुष शामिल होंगे। धर्म रक्षा समिति का मुख्य उद्देश्य धर्मांतरण पर रोक, हिंदू लड़कियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करना एवं संतो के सम्मान का करना है। धर्म परिवर्तन का खेल विशेष रूप से थारू समुदाय में हो रहा है। वहीं मुखिया प्रियंका देवी ने पंचायत सहित पंचायत से सटे किसी भी गांव में संत के साथ दुर्व्यवहार एवं धर्मांतरण के विरुद्ध एक विशेष अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि हम सनातन धर्म के मानने वाले लोग हैं। थारू समुदाय के लोग हिंदुत्व को मानने में सबसे आगे रहते हैं। हमारे बीच धर्मांतरण का खेल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *