यमुना छोड़िए, हिम्मत है तो दिल्ली का पानी पीकर दिखाएं… राहुल गांधी का केजरीवाल को खुला चैलेंज

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज आम आदमी पार्टी के सर्वेसर्वा अरविंद केजरीवाल और बीजेपी दोनों को कटघरे में खड़ा किया। राहुल गांधी दिल्ली की बादली विधानसभा में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। बादली के मंच से राहुल ने केजरीवाल को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि आप दिल्ली के लोगों को गंदा पानी पिलाते हो। यमुना का पानी छोड़ो,यहां जो पानी मिल रहा है,उसी को पीकर दिखा दो। भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए राहुल ने कहा कि वो नफरत फैलाते हैं। हिंसा कराते हैं। लोगों को डराते हैं। हमने साफ कहा है। जहां भी ये नफरत-हिंसा फैलाएंगे, हम वहां पर मोहब्बत की दुकान खोलेंगे।बादली विधानसभा सीट पर चुनाव प्रचार करने पहुंचे राहुल गांधी ने मंच से अरविंद केजरीवाल को सीधा चैलेंज दिया। राहुल ने कहा कि केजरीवाल पांच साल पहले आए और कहा कि यमुना में जाकर नहाऊंगा, उसका पानी पियूंगा। राहुल ने आगे कहा कि मैं चुनौती देता हूं कि आप दिल्ली के लोगों को गंदा पानी पिलाते हो, यमुना का पानी छोड़ो,यहां जो पानी मिल रहा है,उसी को पीकर दिखा दो।

राहुल ने आगे कहा कि अरविंद केजरीवाल पांच साल पहले यमुना जी का पानी पीने की बात कर रहे थे। आज पत्रकार वार्ता कर रहे हैं,हाथ में यमुना के पानी के बोतलें हैं। खोखलापन है। मोदी की तरह की केजरीवाल भी झूठ बोलते हैं। केजरीवाल मोदी से भी ज्यादा चालाक हैं।

राहुल ने केजरीवाल पर हमला जारी करते हुए कहा कि बीच में केजरीवाल जी आए। कुछ साल पहले आए थे। बिजली के खंभे पर चढ़ गए थे। छोटी सी गाड़ी में घूमते थे। आजकल वही केजरीवाल शीशमहल में रहते हैं। अटोमेटिक दरवाजे हैं जो बटन से चलते हैं। राहुल ने निशाना साधते हुए कहा कि केजरीवाल ने कहा था कि दिल्ली को साफ करूंगा,भ्रष्टाचार मिटाऊंगा,यमुना में स्नान करूंगा,यमुना का पानी पियूंगा। उसी व्यक्ति ने शराब का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार किया। पूरा देश जानता है।

बादली विधानसभा में चुनाव प्रचार करने पहुंचे राहुल गांधी के निशाने पर पीएम मोदी, भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस भी रहे। राहुल ने कहा कि लड़ाई विचारधारा की है। एक तरफ भाजपा और आरएसएस है तो दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी। वो नफरत फैलाते हैं। हिंसा कराते हैं, लोगों को डराते हैं। हमने साफ कहा है कि जहां भी ये बीजेपी-संघ वाले नफरत-हिंसा फैलाएंगे, हम वहां पर मोहब्बत की दुकान खोलेंगे। राहुल ने आगे कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर लाखों लोग चले, पांच महीनों के लिए चले। हमने हर रोज हर भाषण में सिर्फ यह बात बोली कि यह देश सबका है। हर जात,धर्म,सब भाषा का है। सिर्फ मोहब्बत से काम किया जाना चाहिए। नफरत को मिटाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *