न्यूज़ विज़न। बक्सर
गुरुवार को डीएम अंशुल अग्रवाल द्वारा धनसोई 2 लेन बाईपास पथ के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया। जिसे विगत 15 फरवरी को जिले में प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने जिलान्तर्गत 2 लेन धनसोई बाईपास पथ कि0मी 0.00 से 4.50 के निर्माण के लिए घोषणा की गई थी। जिसकी प्रशासनिक स्वीकृति मंत्रिपरिषद द्वारा 25 फरवरी मिल गई है। धनसोई बाईपास पथ निर्माण के लिए कुल 9824.90 लाख रूपये (अनठानबे करोड़ चौबीस लाख नब्बे हजार रूपये मात्र) की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में धनसोई बाजार के काफी व्यस्त होने एवं धनसोई बाजार पथ के संर्कीण होने के कारण प्रायः जाम की समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने आगे बताया कि सरकार के इस निर्णय से बक्सर से धनसोई, सिसौंदा आदि एवं रोहतास जिला जाने में भी आमजनों को सुगम यातायात की सुविधा तथा समय की बचत होगी। इसके साथ साथ धनसोई बाजार को जाम की समस्या से निजात मिलेगा एवं व्यवसाय के नए अवसर मिलेगा। बाईपास निर्माण से बक्सर एवं रोहतास जिला के बीच आर्थिक, व्यावसायिक एवं सामाजिक गतिविधियों तेज होगी।
कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल बक्सर ने बताया कि प्रस्तावित बाईपास का एलाइनमेंट धनसोई बाजार से 01 किलोमीटर पहले से शुरू होकर सिसौंधा से 100 मीटर आगे तक होगा। प्रस्तावित पथ की कुल लंबाई 4.5 कि०मी० है। प्रस्तावित कुल चौड़ाई 12 मीटर है। जिसमें 7 मीटर carriage way एवं सड़क के दोनों ओर 2.5 मीटर शोल्डर रहेगा। वर्तमान में धनसोई बाजार के पास पथ 04 मीटर से 5.5 मीटर तक चौड़ा है। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर, कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल बक्सर, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजपुर, अंचलाधिकारी राजपुर एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं आम जन उपस्थित थे।