महिला अधिकारों और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए जिलाधिकारी का आह्वान

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर खेल, सेमिनार और सम्मान समारोह का आयोजन                              बक्सर खबर। जिले में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं की उपलब्धियों, संघर्षों और अधिकारों को सम्मानित करने के उद्देश्य से खेलकूद, सेमिनार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और जागरूकता अभियानों का संचालन किया गया। जिलाधिकारी ने बक्सर वासियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन महिलाओं के संघर्ष, उपलब्धियों और सशक्तिकरण को समर्पित है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति में महिलाओं का योगदान अतुलनीय है और हमें उनके अधिकारों की रक्षा और सम्मान के लिए सतत प्रयास करने चाहिए।

सुबह 7:30 बजे ग्यारह नंबर लख से महदह पुल तक 4.5 किमी की मिनी महिला मैराथन आयोजित हुई। इसमें विभिन्न विद्यालयों और पुलिस विभाग की महिला प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिसमें माता इंद्राणी कॉलेज, चौसा की छात्रा चांदनी कुमारी विजेता, +2 उच्च विद्यालय, महदह की छात्रा संगीता कुमारी द्वितीय स्थान और पार्वती कुमारी तृतीय स्थान प्राप्त किया। सुबह 8:00 बजे किला मैदान में कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कबड्डी में विजेता एमपी हाई स्कूल, उपविजेता खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर, रघुनाथपुर और तीसरा स्थान उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बनारपुर की टीम रही। खो-खो प्रतियोगिता विजेता खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर, बक्सर। उपविजेता एमपी हाई स्कूल और तीसरा स्थान उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बनारपुर की टीम ने प्राप्त किया।

नगर भवन में महिला प्रतिभागी को सम्मानित करते डीएम व एडीएम

स्थानीय स्टेशन रोड स्थित नगर भवन में महिला अधिकारों और सरकारी योजनाओं पर सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें पुलिस उपाधीक्षक रजिया सुल्ताना, मनोचिकित्सक डॉ अनुराधा, अधिवक्ता श्यामाश्री चंद्रा समेत कई प्रमुख महिलाओं ने अपने विचार रखे। जिलाधिकारी ने बिहार सरकार की मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना, मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना, महिला उद्यमी योजना जैसी योजनाओं के बारे में बताया और महिलाओं को जागरूक किया। नगर भवन में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शास्त्रीय गायन, तबला वादन और नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे पूरा माहौल महिला सशक्तिकरण के जश्न में रंग गया।मैराथन और खेल प्रतियोगिता के विजेताओं के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल और रोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। दोपहर 12:30 बजे समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी ने सभी पुरुष अधिकारियों और कर्मियों को महिलाओं और बालिकाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा की शपथ दिलाई। इस दौरान हस्ताक्षर अभियान भी आयोजित किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *