महिलाओं ने फगुआ गाकर मनाई पारंपरिक होली

संस्कृति से जोड़ने की पहल, बच्चों को मिला सीखने का अवसर                                                                 बक्सर खबर। हर साल की तरह इस वर्ष भी शहर की घरेलू महिलाओं द्वारा स्थानीय चीनी मिल मुहल्ला में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन में स्टेशन रोड, बाजार समिति रोड, गजाधरगंज, मुसाफिरगंज, चीनी मिल, और कोईरपुरवा की महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर, फूल बरसाकर और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं।

इस भव्य आयोजन का नेतृत्व शिक्षिका प्रतिमा सिंह ने किया, जिसमें बिहार सेंट्रल स्कूल की उपनिदेशक उर्मिला सिंह, सेवानिवृत्त शिक्षिका कमला कुमारी और रिटायर्ड शिक्षिका चंदा पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक फगुआ गायन और संगीत की शानदार प्रस्तुति दी। ढोलक-झाल की थाप पर नए और पुराने होली गीतों से माहौल संगीतमय हो गया।

होली मिलन समारोह में शामिल महिलाएं

रिटायर्ड शिक्षिका कमला कुमारी ने कहा कि पुरानी परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के लिए आने वाली पीढ़ियों को इसे सिखाना बहुत जरूरी है। दशहरा, होली और अन्य त्योहारों पर घर के आंगन में इस तरह के आयोजन कर बच्चों को पारंपरिक संस्कृति से जोड़ने का प्रयास सराहनीय है। यह पहल आगे और विस्तारित होनी चाहिए ताकि लोग अपनी जड़ों से जुड़े रहें। समारोह के अंत में महिलाओं और बच्चों ने समष्टि भोजन का आनंद लिया और अगले वर्ष और भी भव्य आयोजन का संकल्प लिया। इस अवसर पर रागिनी कुमारी उर्फ डॉली, उषा सिंह, लता कुमारी, अंजली गुप्ता, डिंपल उपाध्याय, कंचन सिंह, डिंपल सिंह, नीलम देवी, शीला राय, सन्नू सिंह, मीतांजलि देवी व अन्य महिलाएं और बच्चे उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *