Samastipur News : समस्तीपुर में एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लगुनिया सूर्यकंठ वार्ड नंबर 6 निवासी श्याम दास के बेटे राजू कुमार (24) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार राजू हलई थाना क्षेत्र के रसलपुर से अपना दिन का काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जख्मी अवस्था में तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
इसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसकी स्थिति में सुधार न होने पर आज सुबह उसे DMCH रेफर कर दिया गया। लेकिन DMCH जाने के क्रम में रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
इस संबंध में मुफस्सिल थाना अध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया है। पोस्टमार्टम के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।