Bihar News : बिहार के आरा में भीषण सड़क हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। यह हादसा भोजपुर के जगदीशपुर इलाके में शुक्रवार की सुबह हुआ। सभी मृतक महाकुंभ स्नान कर लौट रहे थे। मोहनिया आरा फोरलेन पर दुलहनगंज और इसाढ़ी के बीच कार और ट्रक में टक्कर हो गई। हादसे के पीछे तेज रफ्तार और मुख्य सड़क पर खड़े कंटेनर ट्रक को वजह बताया जा रहा है। सभी मृतक पटना के बताए जा रहे हैं। इनमें एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। माता-पिता, बेटा और बेटी की मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि कार तेज रफ्तार से आ रही थी। आरा-मोहनिया फोरलेन पर पहले से कंटेनर ट्रक खड़ा था। पीछे से आ रही कार कंटेनर में जा घुसी। कार सवार कई लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का बोनट और इंजन चकनाचूर हो गया प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी बलेनो कार में सवार थे। वे पटना के न्यू जक्कनपुर थाना क्षेत्र के सुदामापुरी स्थित छपरा कॉलोनी के रहने वाले थे।
मृतकों में संजय कुमार (62), पिता विष्णुदेव प्रसाद, दो पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं। एक महिला की उम्र करीब 50 वर्ष थी जबकि तीन की उम्र 30 वर्ष से कम थी। पुरुषों की उम्र 30-35 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
मृतकों का विवरण :
संजय कुमार, 62, पिता विष्णुदेव प्रसाद
लालबाबू सिंह, 25, पिता संजय कुमार
करुणा देवी, 55, पति संजय कुमार
प्रियम कुमारी, 20, पिता संजय कुमार
आशा किरण, 28, पिता आनंद सिंह
जूही रानी, 25, पिता चंद्रभूषण प्रसाद
बता दें कि इससे पहले भी महाकुंभ जाते या आते समय कई हादसे हो चुके हैं जिसमें दर्जनों श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। नेपाल से कुंभ जा रहे कई लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे के शिकार लोगों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। आरा सदर अस्पताल पहुंचने पर वहां चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है। सड़क पर यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।