Bihar Politics : बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले ही राजनीतिक हलचल और बयानबाजी तेज है। इसी क्रम में मंगलवार को पूर्णिया से लोकसभा सांसद पप्पू यादव ने भी पटना में बयान दिया है। उन्होंने कांग्रेस को ऊंट बताया है। उन्होंने आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव को लेकर भी अपनी बात कही है।
पप्पू यादव ने कांग्रेस को ऊंट बताया:
दरअसल, पप्पू यादव ने मंगलवार को पटना में मीडिया से बात की। इस दौरान उनसे गठबंधन को लेकर पूछा गया कि कहा जा रहा है कि बिहार में अगर राज होगा तो लालू यादव का होगा। इसके जवाब में पप्पू यादव ने पूछा कि ऐसा किसने कहा? उन्होंने कांग्रेस को ऊंट बताते हुए कहा कि ऊंट अगर बैठ भी जाए तो गधे से ऊंचा होता है। आगे उन्होंने कहा कि लालू यादव मेरे बड़े हैं। वो मेरे आदरणीय नेता हैं। लालू यादव की अपनी पार्टी है। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी हैं।
कांग्रेस के बिना भाजपा को हराना मुश्किल- पप्पू यादव:
कांग्रेस के बिना भारतीय जनता पार्टी को हराना मुश्किल है। महासचिव ने अगर कुछ कहा है तो उसके पीछे कांग्रेस की विचारधारा है। उन्होंने जो भी कहा, हम खाद बनने को तैयार हैं। हम गिलहरी की तरह काम करने को तैयार हैं। निश्चित तौर पर पप्पू यादव, कन्हैया या किसी को भी जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, हम महासचिव की विचारधारा के साथ खड़े रहेंगे।
एक अंग्रेजी कहावत का भी हवाला दिया:
बिहार में कांग्रेस के अकेले चुनाव लड़ने की अटकलों के सवाल पर पप्पू यादव ने कहा कि मुझे इसकी जानकारी नहीं है। गठबंधन है और कांग्रेस अपनी तरफ से गठबंधन नहीं तोड़ती। कांग्रेस को कमतर आंका गया। उन्होंने एक अंग्रेजी कहावत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मैं कह रहा हूं ‘सम्मान दो और सम्मान लो।’
अगर लालू यादव का सम्मान है तो कांग्रेस का भी बहुत सम्मान है। दोनों का अपमान करके कोई भी पार्टी भाजपा को नहीं हरा सकती। बिहार की 13 करोड़ जनता कांग्रेस की तरफ देख रही है कि हमें उसके साथ खड़ा होना चाहिए। मुझे लगता है कि बिहार की जनता कांग्रेस के साथ खड़ी होगी।
बागेश्वर बाबा पर दिया था विवादित बयान:
बता दें कि इससे पहले सांसद पप्पू यादव ने हाल ही में बागेश्वर धाम के बाबा धीरेंद्र शास्त्री को लेकर विवादित बयान दिया था। इसे लेकर वे चर्चा में रहे थे। उन्होंने कहा था कि हमें समझ नहीं आ रहा कि ये कौन सा बागेश्वर है। उन्होंने कुंभ को आस्था से जुड़ा मामला बताया था।
उन्होंने कहा था कि कुंभ तब से चल रहा है, जब बागेश्वर का जन्म नहीं हुआ था। जब इसके माता-पिता पैदा नहीं हुए थे। पूर्णिया के सांसद यादव ने पूछा था कि वे (धीरेंद्र शास्त्री) कुंभ के बारे में क्या जानते हैं? उन्होंने कहा कि वे जनता के बारे में, गरीबों के बारे में कुछ भी कहते हैं। हम ऐसे बाबाओं की चर्चा नहीं करते।