Bihar Teacher News : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने शिक्षक भर्ती के तीसरे चरण का रिजल्ट तो जारी कर दिया है, लेकिन उन्हें अभी तक पोस्टिंग नहीं मिली है। इसका मुख्य कारण अभ्यर्थियों की काउंसलिंग अधूरी होना बताया जा रहा है। इसे लेकर अब शिक्षा विभाग ने उन अभ्यर्थियों को एक और मौका देने का फैसला किया है, जो काउंसलिंग के दौरान अनुपस्थित रहे थे या जिनकी काउंसलिंग अधूरी थी। इसके लिए काउंसलिंग की नई तिथि की अधिसूचना जारी कर दी गई है।
शिक्षा विभाग के अनुसार BPSC द्वारा अनुशंसित अभ्यर्थियों में से प्रधानाध्यापक, प्रधानाध्यापक और विद्यालय शिक्षक के वैसे अभ्यर्थियों को विभाग फिर से काउंसलिंग का अंतिम मौका दे रहा है, जो काउंसलिंग में अनुपस्थित रहे थे या उनकी काउंसलिंग अधूरी थी। साथ ही, दूसरे चरण की योग्यता परीक्षा 2 में उत्तीर्ण कई शिक्षक काउंसलिंग में अनुपस्थित रहे थे और कुछ शिक्षकों की काउंसलिंग अधूरी थी। उन्हें भी यह मौका दिया जा रहा है।
शिक्षा विभाग के द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सभी अभ्यर्थियों की काउंसलिंग निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी। काउंसलिंग के लिए निर्धारित काउंटरों पर कर्मियों की नई टीम बनाई जाएगी तथा आवश्यकतानुसार नए कर्मियों की तैनाती की जाएगी। काउंसलिंग में पहले से लगे कर्मियों को किसी भी स्थिति में नहीं रखा जाएगा।
प्रधान शिक्षक, प्रधानाध्यापक एवं विद्यालय शिक्षक के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया: 18 मार्च को कक्षा 1 से 5 ए के अपूर्ण काउंसलिंग वाले 175 अभ्यर्थी एवं अनुपस्थित 827 अभ्यर्थी तथा कक्षा 9 से 10 के अपूर्ण काउंसलिंग वाले 134 अभ्यर्थी एवं अनुपस्थित 211 अभ्यर्थी काउंसलिंग में भाग लेंगे।
19 मार्च को टीआरई 3 वर्ग विद्यालय शिक्षक पद के लिए कक्षा 1 से 5 के 1461 एवं 1818 अभ्यर्थियों तथा कक्षा 6 से 8 के 945 एवं 3794 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग की जाएगी। विशेष शिक्षक (सक्षमता परीक्षा-2) के लिए कक्षा 9 से 10 के 862 और 1447 अभ्यर्थियों तथा कक्षा 11 से 12 के 517 और 924 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 20 मार्च को होगी। सक्षमता 2 के कक्षा 1 से 12 के 1315 और 5800 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 26 मार्च को होगी।
पद का नाम | कक्षा | काउंसिलिंग में अपूर्ण रहने वाले अभ्यर्थियों की संख्या | काउंसिलिंग में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों की संख्या | काउंसिलिंग की तिथि |
प्रधान शिक्षक | 1-5 | 175 | 827 | 18 मार्च |
प्रधानाध्यापक | 9-10 | 134 | 211 | 18 मार्च |
TRE 3 (विद्यालय अध्यापक) | 1-5 | 1461 | 1618 | 19 मार्च |
TRE 3 (विद्यालय अध्यापक) | 6-8 | 945 | 3794 | 19 मार्च |
TRE 3 (विद्यालय अध्यापक + विशेष शिक्षक) | 9-10 | 862 | 1447 | 20 मार्च |
TRE 3 (विद्यालय अध्यापक) | 11-12 | 517 | 924 | 20 मार्च |
विशिष्ट शिक्षक (सक्षमता 2) | 1-12 | 1315 | 5800 | 26 मार्च |