Bihar Politics : बिहार में इस साल अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं की बयानबाजी भी तेज हो गई है। इस बीच भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के बयान के बाद राज्य में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा नेता अश्विनी चौबे ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार को उप प्रधानमंत्री बनाने की मांग की है। बीजेपी नेता के इस बयान पर जेडीयू ने भी प्रतिक्रिया दी है।
बीजेपी नेता अश्विनी चौबे ने कहा कि नीतीश कुमार को राष्ट्रीय राजनीति का अच्छा अनुभव है। उन्होंने लंबे समय तक एनडीए के साथ समन्वयक की भूमिका निभाई है। बीजेपी नेता ने कहा कि अगर सीएम नीतीश कुमार को उप प्रधानमंत्री बनाया जाता है तो यह जगजीवन राम के बाद बिहार के लिए एक और बड़ा सम्मान होगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि नीतीश कुमार 20 साल से सीएम हैं। उनका पद मुख्यमंत्री से बड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की जोड़ी देश को दिशा दे रही है। एनडीए का लक्ष्य बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जीतना है।
भाजपा नेता चौबे की नीतीश कुमार को उप प्रधानमंत्री बनाने की मांग पर जेडीयू ने प्रतिक्रिया दी है। जेडीयू नेता अभिषेक झा ने कहा कि सबको अपनी बात कहने की आजादी है। भाजपा नेता चौबे ने अपनी बात कह दी है, लेकिन एनडीए बिहार में विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ेगी। बिहार की जनता नीतीश कुमार के चेहरे पर ही वोट करेगी।