Women’s Kabaddi World Cup : राजगीर में 1 जून से होगा महिला कबड्डी विश्वकप.

बिहार में दूसरी और राजगीर में पहली बार महिला कबड्डी विश्वकप के आयोजन पर मुहर लग गयी है। पाटलिपुत्र खेल परिसर में शनिवार को विश्वकप के आयोजन को लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया।

एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (एकेएफआई) के महासचिव जितेंद्र सिंह ठाकुर और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (बीएसएसए) के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण ने इसपर हस्ताक्षर किया। इस दौरान भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान सोनाली विष्णु और उपकप्तान पुष्पा राणा मौजूद रहीं।

रवींद्रण शंकरण ने कहा कि बिहार में दूसरी बार महिला कबड्डी विश्व कप का आयोजन 1 से 10 जून तक राजगीर खेल परिसर के इनडोर हॉल में होगा। इससे पहले 2012 में पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में महिला कबड्डी विश्व कप का आयोजन हुआ था। प्रतियोगिता में भारत, ईरान, बांग्लादेश, नेपाल , थाईलैंड, हालैंड, जापान, पोलैंड, अर्जेंटीना, हंगरी, जर्मनी, केन्या, युगांडा की टीम भाग लेगी।

दर्शकों के लिए मैच निःशुल्क होंगे, मगर टिकट (पास) ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराकर प्राप्त किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि जिन्हें पास उपलब्ध नहीं हो पाएगा, उनके लिए राजगीर खेल परिसर के बाहर स्क्रीन पर मैच देखने की व्यवस्था की जाएगी। टीवी पर मैच का लाइव प्रसारण किया जाएगा। चैनल अभी निर्धारित नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *