Aaj Ka Rashifal 8 February 2025 : आज शनिवार 8 फरवरी को मीन राशि के जातकों को उलझन और परेशानी का सामना करना पड़ेगा, लेकिन कर्क, कन्या और मकर राशि के जातकों को आज किस्मत का पूरा साथ मिलेगा। ग्रहों की स्थिति का आकलन करने पर पता चलता है कि आज चंद्रमा और मंगल की युति होगी और चंद्रमा से बारहवें भाव में बृहस्पति का गोचर होगा। इससे धन योग और अनफा योग का संयोग बनेगा। ऐसे में मेष से लेकर मीन राशि तक सभी राशियों के लिए आज का दिन कैसा रहेगा, जानने के लिए देखें आज का राशिफल:
मेष राशि (Aries) :
मेष राशि वालों के लिए आज का दिन काफी व्यस्त रहने वाला है। आज आपके पास किसी नए काम की जिम्मेदारी आएगी। अगर आप अपने बच्चों का दाखिला करवाना चाहते हैं तो इसके लिए आपको भागदौड़ करनी पड़ सकती है। आज शाम को आप मौसमी बीमारियों से ग्रसित हो सकते हैं। व्यापार में आपका लंबे समय से रुका हुआ पैसा आपको मिल सकता है, जिससे आप खुश होंगे। आज आप अपने परिवार के सदस्यों की इच्छा पूरी करने में भी सफल रहेंगे। व्यापारी वर्ग के लिए समय अनुकूल है। प्रेम जीवन में आज आपको अपने प्रेमी की नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है। कोई योजना टल सकती है।
वृष राशि (Taurus) :
वृषभ राशि वालों के लिए आज सितारे बता रहे हैं कि आज आपके काम में कुछ परेशानी और उलझन हो सकती है। आपको बहुत धैर्य और संयम के साथ परिस्थिति को संभालना होगा। आज आपको अपने कार्यक्षेत्र में किसी पर भी आंख मूंदकर भरोसा नहीं करना है, अगर आप ऐसा करते हैं तो यह आपके लिए नुकसानदेह हो सकता है। वैसे आज दिन के दूसरे हिस्से में आप अपने सभी काम पूरे करने में सफल रहेंगे। विद्यार्थियों की शिक्षा में अगर कोई बाधा आ रही थी तो वह दूर होगी। आज आप अपने पारिवारिक खर्चों में बढ़ोतरी को लेकर थोड़े चिंतित हो सकते हैं। परिवार के साथ किसी यात्रा की योजना बन सकती है।
मिथुन राशि (Gemini) :
आज मिथुन राशि में चंद्रमा और मंगल का शुभ संयोग बना हुआ है। ऐसे में अगर परिवार में कोई मनमुटाव चल रहा था तो आज वह खत्म हो जाएगा। लेकिन आज आपको अपने जीवनसाथी की बात सुननी और समझनी होगी, नहीं तो वह आपसे नाराज हो सकते हैं। आज आपको अपनी योजनाएं बहुत सोच-समझकर बनानी होंगी, नहीं तो सफलता मिलने की संभावना कम रहेगी। आज कार्यक्षेत्र में भी परिस्थितियां आपके अनुकूल रहेंगी, जिससे आपको काम करने में आसानी होगी। प्रेम जीवन में नयापन और मधुरता आएगी। अगर आज किसी काम के लिए जोखिम उठाना पड़े तो खूब सोच-विचार कर लें। आज आपके घर पर कोई मित्र या मेहमान आ सकता है।
कर्क राशि (Cancer) :
कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन मिला-जुला रहेगा। आप अपने कार्यक्षेत्र में किसी नए प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर सकते हैं। व्यस्तता के कारण आपको अपने परिवार के सदस्यों के लिए समय निकालने में दिक्कत हो सकती है। लेकिन आपका जीवनसाथी आपकी स्थिति को समझेगा और आपको उनसे पूरा सहयोग मिलेगा। आज शाम को आपकी मुलाकात किसी ऐसे मित्र से होगी जिससे मिलने का आप काफी समय से इंतजार कर रहे थे। आज परिवार में किसी शुभ या मांगलिक कार्यक्रम की योजना भी बन सकती है।
सिंह राशि (Leo) :
सिंह राशि वालों के लिए आज सितारे बता रहे हैं कि, आज आप अपने लंबे समय से अटके हुए कामों को पूरा करने में व्यस्त रहेंगे। आज आप पर कुछ नई जिम्मेदारियां भी आएंगी, इसलिए जरूरी है कि आप आज अपनी कार्ययोजना के लिए बेहतर योजना बनाकर काम करें, इससे आप नए और पुराने कामों को बेहतर तरीके से मैनेज कर पाएंगे। अगर आप किसी मीटिंग में जा रहे हैं तो समय से निकलें नहीं तो परेशानी होगी। आज आप अपने दोस्तों के साथ कहीं बाहर घूमने की योजना भी बना सकते हैं। नौकरीपेशा लोगों को आज अपने वरिष्ठों से अच्छे संबंधों का लाभ मिलेगा। आर्थिक मामलों में आपका दिन खर्चीला रहेगा। कुछ अनचाहे खर्चे भी होंगे।
कन्या राशि ( Virgo) :
कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन आनंददायक रहेगा। आपका कोई पुराना काम आज आपको फायदा पहुंचा सकता है। प्रेम जीवन के मामले में भी आज आप भाग्यशाली रहेंगे। प्रेम जीवन में अगर आपने अभी तक अपने प्रेमी को अपने जीवनसाथी से नहीं मिलवाया है तो आज आप अपने प्रेमी को परिवार से मिलवा सकते हैं। आज आपको व्यापार में कुछ परेशानी और तनाव का सामना करना पड़ सकता है। कार्यक्षेत्र में भी आज आपको अनुशासन और सावधानी से काम करना होगा, क्योंकि आपके विरोधी मौके की ताक में बैठे हैं।
तुला राशि (Libra) :
तुला राशि वालों के लिए आज का दिन किसी चिंता को दूर करने वाला रहेगा। जो लोग बीमार हैं, उनके स्वास्थ्य में भी आज सुधार देखने को मिलेगा। सामाजिक और व्यावसायिक क्षेत्र में शत्रु और प्रतिद्वंदी आज आपको परेशान करने की कोशिश करेंगे, लेकिन आप धैर्य और समझदारी से परिस्थिति को संभालने में सफल हो सकते हैं। सितारे कहते हैं कि अगर आज आप अपने पिता और जीवनसाथी की सलाह से काम करेंगे, तो काम सफल होंगे। संतान को लेकर चिंता रहेगी।
वृश्चिक राशि (Scorpio) :
वृश्चिक राशि वालों के लिए आज सितारे बताते हैं कि आपको किसी करीबी से कोई अच्छी खबर मिलेगी। परिवार के लोग हर परिस्थिति में आपके साथ खड़े रहेंगे और आपको हर मोड़ पर उनका साथ मिलेगा। कामकाज और कारोबार के तनाव को अपने ऊपर बिल्कुल भी हावी न होने दें। अगर आप किसी नई योजना पर काम करने की सोच रहे हैं, तो उसमें आपको सफलता मिलेगी। चल रही किसी पुरानी समस्या से आपको राहत मिलेगी। आज आप कारोबार में भी खूब कमाई कर पाएंगे।
धनु राशि (Sagittarius) :
धनु राशि वालों के लिए आज का दिन बेहद खास रहने वाला है। आज आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा। प्रेम जीवन के साथ-साथ पारिवारिक जीवन में भी आज आपको किस्मत का पूरा साथ मिलेगा। आज आपके संपर्कों का दायरा भी बढ़ेगा जिसका आपको फायदा मिलेगा। कहीं अटका हुआ पैसा निकालने के लिए आपको कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। शाम का समय आप अपने परिवार के साथ मनोरंजन में बिताएंगे। धार्मिक कार्यों में आपकी रुचि रहेगी।
मकर राशि (Capricorn) :
मकर राशि के लोगों को आज कार्यक्षेत्र में मेहनत के साथ-साथ भाग्य का भी लाभ मिलेगा। आज आप सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में भी भाग ले सकते हैं, जिससे आपका मान-सम्मान बढ़ेगा। दिनभर आपको शुभ समाचार भी प्राप्त होंगे। आपकी कोई पुरानी इच्छा भी पूरी हो सकती है। दोस्तों से भी आपको सहयोग मिलेगा। आज आप धार्मिक यात्रा की योजना भी बना सकते हैं। आज आपको मातृ पक्ष से सहयोग मिलेगा। शाम का समय आप परिवार के छोटे सदस्यों के साथ मनोरंजन में बिताएंगे।
कुंभ राशि (Aquarius) :
कुंभ राशि के लोगों के लिए आज का दिन काम-काज और व्यापार के लिहाज से अच्छा है। अगर आज आप किसी आयात-निर्यात के व्यापार के बारे में सोच रहे हैं तो इस मामले में आपको सफलता मिलेगी। आज अध्यात्म और धर्म में भी रुचि बढ़ेगी और इस मामले में भाग्य आपका साथ देगा। आज किसी यात्रा या मंगल उत्सव में शामिल होने का मौका मिल सकता है। परिवार के साथ आप सुखद समय बिताएंगे। प्रेम जीवन में भी आज आपको खुशी मिलेगी। अगर मां का स्वास्थ्य कमजोर है तो उनके स्वास्थ्य में सुधार आएगा।
मीन राशि (Pisces) :
मीन राशि वालों के लिए आज का दिन मिला-जुला रहेगा। आज आपको छुपे हुए शत्रुओं से भी सावधान रहना होगा। आज किसी को भी पैसा उधार न दें क्योंकि एक बार डूबा हुआ पैसा वापस पाना मुश्किल होगा। आपके सितारे संकेत दे रहे हैं कि आज आपके लिए तरक्की के कई रास्ते खुलेंगे। पढ़ाई-लिखाई और आध्यात्म में आज आपकी रुचि बढ़ेगी। छात्रों का प्रदर्शन बेहतर होगा। माता के स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा।