Samastipur News : समस्तीपुर जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने महिला के पति पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि महिला का पति शराबी था, जिस कारण वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
घटना चकमेहसी थाना क्षेत्र के चकमेहसी पंचायत के वार्ड नंबर 11 स्थित नवाबगंज गांव की है। मामले में मृतका के पिता ने शुक्रवार को चकमेहसी थाने में लिखित आवेदन दिया, जिसके बाद चकमेहसी पुलिस जांच में जुट गई है। मृतका की पहचान अमीषा भारती उर्फ चांदनी के रूप में हुई है, जो मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र के राजापाकर अंचल में रहने वाले पंकज सिंह की पुत्री थी।
गोपालपुर गांव निवासी पंकज सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 8 वर्ष पूर्व नवाबगंज के सत्यानंद ठाकुर उर्फ पप्पू ठाकुर के पुत्र प्रिय रंजन कुमार ठाकुर से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार की थी। शादी के बाद चांदनी को दो बेटे भी हुए। उन्होंने बताया कि गुरुवार की रात प्रिय रंजन कुमार ठाकुर ने शराब के नशे में चांदनी को जहर खिलाकर उसकी हत्या कर दी। महिला के परिजनों का कहना है कि हत्या के बाद शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
इस मामले में चकमेहसी थानाध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने बताया कि मृतका के परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। महिला के परिजनों का कहना है कि हत्या के बाद शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।