ट्रेन हादसे में छूटा परिवार का सहारा, सात बच्चों के सर से उठा पिता का साया

बक्सर खबर। दिलदारनगर से बक्सर आने के क्रम में चौसा स्टेशन के समीप ट्रेन से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक सात बच्चों के पिता थे, और उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पहचान शहर के नलबंद टोली निवासी स्वर्गीय जहीर मियां के पुत्र मोहम्मद चांद के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार मोहम्मद चांद प्रतिदिन सुबह में बक्सर से दिलदारनगर जाते थे और शाम को पुनः ट्रेन से घर लौटते थे। दिलदारनगर में एक साइकिल की दुकान पर साइकिल बनाने का काम करते थे, जिससे वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। मोहम्मद चांद छह लड़कियों और एक लड़के के पिता थे। उन्होंने अपनी दो लड़कियों की शादी कर दी थी। उनके असमय चले जाने से बच्चों के सिर से अब पिता का साया उठ गया है।

घटना के संबंध में बबलू हाशमी ने बताया कि बुधवार की सुबह घर से काम पर निकले थे जो देर रात तक नहीं लौटे। परिवार वालों ने खोजबीन प्रारंभ किया। गुरुवार को इस संबंध में जीआरपी थाने को सूचना दी गई, तो पुलिस वालों ने बताया कि चौसा स्टेशन के समीप एक शव पड़ा है। पुलिस परिजनों को लेकर घटना स्थल पर पहुंचे और पहचान कराई। घटना की पुष्टि होते ही घर वालों में कोहराम मच गया और रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के संबंध में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया, जिन्हें स्थानीय कोईरपुरवा स्थित दुधपोखरी कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *