‌‌‌ गंगा स्नान करने गए दो किशोर डूबे, नयाबाजार निवासी के रूप में हुई पहचान

-अपराह्न तीन-चार बजे के लगभग सोमेश्वर स्थान इलाके में हुई दुर्घटना
बक्सर खबर। दो किशोर बुधवार को नहाने के दौरान गंगा में डूब गए। यह दुखद वाकया नगर थाना क्षेत्र के सोमेश्वर स्थान गंगा घाट पर हुआ। सूचना के अनुसार 15 से 17 वर्ष आयु के तीन किशोर वहां नहाने गए थे। दो डूब गए और एक साथी डर के मारे वहां से भाग खड़ा हुआ। स्थानीय लोगों और नाविकों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। पुलिस को सूचना दी गई। बच्चे सदर अस्पताल ले जाए गए। लेकिन, उनकी मौत पहले ही हो चुकी थी। शव मिलने के बाद भी रात नौ बजे तक उनकी पहचान नहीं हो पाई थी।

हालांकि पुलिस को लोगों ने बताया दिया था। यह बच्चे नया बाजार, वार्ड चार के निवासी थे। सूचना पाकर परिजन भी पहुंचे। एक स्थानीय युवक ने पूछने पर बताया मृतक में एक का नाम साहिल अंसारी पिता साजिद हुसैन तथा दूसरे का नाम रेहान अंसारी पिता फारूख अंसारी था। रेहान अपने पिता का इकलौता पुत्र था। इस घटना ने पूरे शहर को शिवरात्रि के दिन गमगीन कर दिया। हालांकि रात दस बजे तक पुलिस ने पूछने पर कहा, अभी उनकी पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिल रही है वे नयाबाजार के रहने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *