शादी की सालगिरह पर प्रकृति को उपहार

प्राचार्य ने लगाए बीस फलदार पौधे,समाज को दिया हरियाली बढ़ाने का संदेश                                      बक्सर खबर। बढ़ते प्रदूषण और घटते हरियाली के बीच पर्यावरण को बचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए स्थानीय रेडिएंट पब्लिक स्कूल के प्राचार्य राजेश कुमार उर्फ जयप्रकाश सिंह ने अपनी शादी की 20वीं सालगिरह पर 20 फलदार पौधे लगाए। पौधरोपण के बाद उन्होंने कहा कि औद्योगीकरण, वाहनों की बढ़ती संख्या और कचरे के अंबार के कारण प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है, जिससे हवा और पानी दूषित हो रहे हैं। यह हमारे स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव डाल रहा है। ऐसे में हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाकर पर्यावरण को संरक्षित करने का संकल्प लेना चाहिए।

इस अवसर पर उप प्राचार्य श्यामली सिंह ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए समाज को जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने सुझाव दिया कि हर व्यक्ति को अपने जन्मदिन, बच्चों के जन्मदिन और शादी की सालगिरह जैसे अवसरों पर पौधे लगाकर उनका पालन-पोषण करना चाहिए। इससे न केवल पर्यावरण का संरक्षण होगा बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण भी मिलेगा।पौधरोपण कार्यक्रम में आर्या कुमारी, अंकिता कुमारी, रीता कुमारी, विभा सिंह, रेखा तिवारी, पुष्पा शर्मा, संतोष तिवारी, संतोष शुक्ला, और चंदन सिंह व अन्य लोग उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *