खेल, सेमिनार और सम्मान के साथ मनाया जाएगा महिला सशक्तिकरण का पर्व बक्सर खबर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस इस साल भी जिले में उत्साह और जोश के साथ मनाया जाएगा। इस साल का थीम “सभी महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए अधिकार, समानता तथा सशक्तिकरण” रखा गया है। इस मौके पर जिलेभर में महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिला दिवस की शुरुआत पूर्वाह्न 07:30 बजे मिनी महिला मैराथन से होगी, जिसमें महिलाएं और बालिकाएं 11 नंबर लख से महदह पुल तक दौड़ लगाएंगी। पूर्वाह्न 08:00 बजे से किला मैदान में कबड्डी, खो-खो और अन्य महिला खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
महिलाओं का उत्साह और खेल कौशल देखने लायक होगा। खेल प्रतियोगिताओं के बाद पूर्वाह्न 11:00 बजे नगर भवन में सेमिनार और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाशाली महिलाएं अपने अनुभव साझा करेंगी। साथ ही, मैराथन और खेल प्रतियोगिताओं में विजेता महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को भी इस मंच पर विशेष सम्मान मिलेगा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अंतिम कार्यक्रम के रूप में अपराह्न 12:30 बजे समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया जाएगा।