अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर फायर ब्रिगेड की अधिकारी सिखा व चांदनी समेत बीस को मिला सम्मान बक्सर खबर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्थानीय चीनी मिल स्थित साबित खिदमत अस्पताल के प्रांगण में मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय के तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में फायर ब्रिगेड की अधिकारी सिखा कुमारी, चांदनी कुमारी और राजकुमार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें बुके, शॉल और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। डॉ दिलशाद आलम ने इस मौके पर रौशनी, नजरू, सुमिता सहित बीस महिलाओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के हर प्रयास से समाज में नई ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साबित रोहतासवी ने कहा, “महिलाएं इस देश की जान, सम्मान और पहचान हैं। उनके सशक्तिकरण की दिशा में सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।” शिक्षक हरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि बहुत कम समय में महिलाओं ने शिक्षा और आत्मनिर्भरता के बल पर समाज में अपनी अलग पहचान बनाई है। फायर ब्रिगेड अधिकारी सिखा कुमारी ने कहा, “आज महिलाएं घर से लेकर बाहर तक हर क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं और भारत को आगे ले जा रही हैं।” राजकुमार जी ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं देश का भविष्य हैं, उन्हें उचित सम्मान और आदर देना हमारा कर्तव्य है।

कार्यक्रम में डॉ. मुर्शीद, नासिर हुसैन, रुखसाना बेगम, अनिल उपाध्याय, प्रदीप राय, विजय यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। वहीं सोनम कुमारी, रुखसाना, नासिर, आशा, सालोंगिता, इंदु, जुलैखा, राधिका, ऊषा, निराशा, आरती, ललिता सहित अन्य महिलाओं ने अपनी भागीदारी निभाई। अंत में डॉ. मुर्शीद ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापन किया और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।