भाजपा के बक्सर जिलाध्यक्ष बने ओमप्रकाश भुवन, जोरदार स्वागत के साथ किया पदभार ग्रहण

बक्सर खबर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन का कार्य जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने किया। बैठक में शामिल बतौर मुख्य अतिथि बिहार विधानपरिषद सदस्य राजेंद्र गुप्ता ने राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के आदेश का पालन करते हुए ओमप्रकाश भुवन को बक्सर जिलाध्यक्ष पद पर नियुक्ति की घोषणा की। इस ऐलान के बाद उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने जोरदार तालियों और भाजपा जिन्दाबाद के नारों के साथ उनका स्वागत किया।जिलाध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने नव नियुक्त जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन को अंगवस्त्र और माला पहनाकर उनका सम्मान किया। इसके बाद उन्हें अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाकर औपचारिक रूप से पार्टी का पदभार सौंपा।

बैठक में प्रदेश महामंत्री सह बक्सर लोकसभा एनडीए प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष शंभू सिद्धार्थ, शाहाबाद क्षेत्रीय पदाधिकारी अशोक भट्ट, रोहतास जिलाध्यक्ष संतोष पटेल और प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह जैसे दिग्गज नेता उपस्थित रहे। अपने संबोधन में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पार्टी की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ और युवा कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का परिचय दिया और बक्सर जिले में पार्टी को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *