न्यूज़ विज़न। बक्सर
नगर के आईटीआई मैदान में गायत्री शक्ति पीठ द्वारा आगामी 4 से 7 मार्च तक आयोजित होने वाले विराट 108 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ का आगाज रविवार को स्थानीय आईटीआई मैदान में भूमि पूजन के साथ हुआ। जिसमे जिलेभर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु जुटे हुए थे।
भूमि पूजन से पूर्व कार्यक्रम पहुंचे सभी श्रद्धालुओं को तिलक लगाया गया। साथ ही कुंवारी कन्याओं के द्वारा भूमि पूजन संपन्न कराया गया। सभी श्रद्धालु महिला और पुरुष पीले रंग के वस्त्रों से सुसज्जित थे। भूमि पूजन के दौरान मैदान में ध्वज स्थापित किया गया। भूमि पूजन के दौरान आईटीआई का मैदान वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठा। विधि-विधान के साथ भूमि पूजन के बाद 108 कुंडीय शक्ति संवर्धन महायज्ञ के उद्देश्यों से गायत्री परिवार के विद्वान जनों ने अवगत कराया। उन्होंने कहा कि यज्ञ का मुख्य उद्देश्य विश्व को विनाश से बचाना, पर्यावरण और मानसिक प्रदूषण को दूर करना, जातिवाद एवं सम्प्रदायवाद को दूर करना, युवा शक्ति को व्यसन से बचाना, व्यक्तित्व का विकास करना, ध्यान द्वारा युवा को शक्ति संपन्न बनाना आदि शामिल है। उन्होंने बताया कि महायज्ञ में पुंसवन, नामकरण, अन्नप्राशन, मुंडन, यज्ञोपवित, दीक्षा, विवाह, विवाहोत्सव, जन्मोत्सव आदि संस्कार नि:शुल्क कराया जाएगा। गायत्री परिवार के रामानंद तिवारी ने बताया कि महायज्ञ के दौरान युगऋषि साहित्य प्रदर्शनी पुस्तक मेला का भी आयोजन यज्ञ स्थल पर किया जाएगा।