ट्रक ने किशोरी को कुचला, मौत के बाद बवाल

प्रतापसागर में सड़क हादसे से गुस्साए लोग, राष्ट्रीय राजमार्ग जाम                                                       बक्सर खबर। बक्सर -आरा राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 922 पर सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार दोपहर नया भोजपुर थाना क्षेत्र के प्रतापसागर में एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग उग्र हो गए और सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। मृतका की पहचान प्रतापसागर निवासी शंकर सिंह की पुत्री निभा कुमारी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, वह स्कूल से घर लौट रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बच्ची सड़क के किनारे खड़ी थी, लेकिन लापरवाह ट्रक चालक उसे कुचलता चला गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक आक्रोशित लोग सड़क पर डटे हुए थे और न्याय की मांग कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रक चालक को तत्काल गिरफ्तारी, मृतका के परिवार को मुआवजा और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं,फिलहाल स्थिति पुलिस नियंत्रण में है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *