न्यूज़ विज़न। बक्सर
जन सुराज के प्रदेश युवा अध्यक्ष आनंद मिश्रा के नेतृत्व में चल रही जन सुराज युवा संघर्ष यात्रा बुधवार को देर शाम बक्सर पंहुचा जहां गुरुवार को शिवप्रभा उत्सव वाटिका में प्रेसवार्ता कर आनंद मिश्रा ने संघर्ष यात्रा के उद्देश्य और बिहार के युवाओं के हक़ की बातें कही। ज्ञात हो की इस यात्रा के तहत आनंद मिश्रा और उनकी टीम पूरे बिहार में 20,000 किलोमीटर की बाइक रैली कर युवाओं को जागरूक कर रहे हैं।
आनंद मिश्रा ने कहा, हम इस यात्रा के दौरान बिहार के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे। बीते 35 सालों से बिहार हर एक क्षेत्र में संघर्ष से गुजर रहा है। हम बिहार के लोगों के साथ संवाद स्थापित करने निकले हैं, वहीं बताने निकले हैं कि क्या बिहार के लोगों को बेहतर जीवन जीने का हक नहीं बनता, ये संघर्ष कब तक चलेगा, इस संघर्ष का निवारण क्या है। बाइक यात्रा पूरे बिहार में घूमने के बाद पटना में आकर समाप्त होगी। आनंद मिश्रा ने पटना में हाल में हुए छात्र आंदोलन के सवाल पर कहा कि 70 वीं बीपीएससी की परीक्षा के बाद जब छात्रों ने सवाल उठाया कि परीक्षा निष्पक्षता के साथ होनी चाहिए थी, तो सरकार ने उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर लाठी से मारा। बिहार में लोकतंत्र लाठी तंत्र में तब्दील होते जा रहा है। मौके पर रितेश रंजन उपाध्याय, शशिकांत सिंह, प्रहलाद मिश्रा, प्रशांत तिवारी, विकास कुशवाहा, शैलेश मिश्रा, बालकृष्ण ओझा, विकास मिश्रा व अन्य थे।
गुरुवार को ब्रह्मपुर पहुंची बाइक यात्रा
गुरुवार को जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष आनंद मिश्रा 100 बाइकों का काफिला शिवप्रभा उत्सव वाटिका से पुलिस चौकी गोलंबर, सिंडिकेट ब्रिज, पड़री मोड़, मझवारी गांव सिमरी, सिमरी बाजार, नियाजीपुर चौक, नया भोजपुर डुमरांव, डुमरांव पुलिस स्टेशन के रास्ते नोनियापुरा चौक, धरौली गांव, ब्रह्मपुर बाजार से होते हुए शिव शंकर उत्सव होटल ब्रह्मपुर तक पहुंचे। यहीं पर उन्होंने अपने काफिले के साथ रात्रि विश्राम किया। बता दें कि जगह-जगह पर जन सुराज के कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने इनका स्वागत फूल माला से किया। वहीं, आनंद मिश्रा ने कई जगहों पर रुककर जनता को संबोधित भी किया। 100 बाइकर्स के काफिले के साथ निकली इस यात्रा का उद्देश्य जन सुराज की जमीनी पकड़ को और मजबूत करने तथा पार्टी उम्मीदवारों को जनता का समर्थन परखना है। जन सुराज युवा संघर्ष यात्रा ने 8वें जिले बक्सर में प्रवेश किया है। पटना, अरवल, जहानाबाद, गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर के बाद जन सुराज युवा संघर्ष यात्रा बक्सर पहुंची है।
वीडियो देखें :