दलसागर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का आगमन, तैयारी जोरों पर

बक्सर खबर। स्थानीय मेन रोड स्थित जिला कांग्रेस कमिटी कार्यालय में आगामी 22 फरवरी को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आगमन को लेकर रविवार को एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ मनोज पांडेय ने की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर दलसागर स्थित खेल मैदान में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जुटने की तैयारी की गई है। इस मौके पर विधायक विश्वनाथ राम ने कहा कि यह जिला के लिए ऐतिहासिक क्षण है, जिसे भव्य बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर रहे हैं।

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त प्रभारी पर्यवेक्षक एवं बिहार प्रदेश इंटक कांग्रेस के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह गर्व की बात है कि “जय बापू, जय भीम, जय संविधान सम्मेलन” का पहला आयोजन यहीं किया जा रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से तन, मन और धन से इस आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में डॉ प्रमोद कुमार ओझा, डॉ शशि भूषण पांडेय, विनय कुमार सिंह, आशुतोष त्रिपाठी, पंकज उपाध्याय, लक्ष्मण उपाध्याय समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भाग लिया। सभी ने संकल्प लिया कि गांव-गांव और घर-घर प्रचार-प्रसार कर इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को सफल बनाया जाएगा। बैठक का संचालन डॉ सत्येंद्र ओझा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्यालय प्रभारी अजय यादव ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *