स्कार्पियो की टक्कर में दर्दनाक हादसा, तिलक समारोह में जा रहे किशोर की मौत, सात घायल

बक्सर खबर। सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नगरपुरा गांव के समीप सोनरा के बर के पास रविवार की शाम भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक किशोर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बड़का राजपुर निवासी श्रीराम यादव की बेटी के तिलक समारोह के लिए एक स्कार्पियो गाड़ी यूपी के शेरपुर जा रही थी। वाहन में परिवार व रिश्तेदार सवार थे। इसी दौरान नगरपुरा गांव के पास तेज रफ्तार दो स्कार्पियो आपस में टकरा गईं, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में 13 वर्षीय अंश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य सात लोग घायल हो गए। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। घटना में सुजीत यादव (पिता अर्जुन यादव) विशाल यादव (पिता राधेश्याम यादव) संजय यादव (पिता हृदयानंद यादव)। जितेंद्र यादव (पिता भजन यादव) अर्जुन यादव (पिता हृदयानंद यादव) रौशन यादव और प्रकाश यादव घायल हुए हैं। सभी को स्थानीय अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमरी में भर्ती कराया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिलक समारोह के लिए जा रही स्कार्पियो के आगे दूसरी स्कार्पियो चल रही थी। अचानक पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने आगे चल रही गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक किशोर की मौके पर ही जान चली गई और बाकी सात लोग घायल हो गए। थानाध्यक्ष ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से हुई टक्कर के कारण हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। इस दुर्घटना के बाद मृतक अंश यादव के परिजनों में कोहराम मच गया। तिलक समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं। वहीं, घायलों के परिवार भी परेशान हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *