राजगीर (नालंदा दर्पण)। बिहार के ऐतिहासिक शहर राजगीर अवस्थित नवनिर्मित अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर में होने वाला विश्व कप महिला कबड्डी टूर्नामेंट अब अपने निर्धारित समय से आगे बढ़ा दिया गया है। पहले यह टूर्नामेंट 7 से 12 मार्च के बीच आयोजित होने वाला था। लेकिन अब इसे 8 से 16 जून तक संभावित रूप से आयोजित किया जाएगा। बिहार कबड्डी एसोसिएशन ने यह फैसला कबड्डी ग्राउंड की तैयारी पूरी न होने के कारण लिया है।
तिथि में बदलाव के बावजूद खेल प्रेमियों की निराशा को दूर करने के लिए पहले से निर्धारित समय पर खेलो इंडिया गेम्स का आयोजन राजगीर में किया जाएगा। यह खेल आयोजन देशभर के युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगा।
बता दें कि महिला कबड्डी विश्व कप में भारत सहित 15 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें पोलैंड, रोमानिया, केन्या, युगांडा, अर्जेंटीना, ईरान, चाइनीज ताइपे, नेपाल, जापान, कोरिया, थाईलैंड, इंडोनेशिया और बांग्लादेश शामिल हैं। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान की टीम भी हिस्सा ले सकती है। लेकिन इसके लिए अभी केंद्र सरकार की अनुमति का इंतजार है।
बिहार सरकार और कबड्डी संगठन इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हुए हैं। बिहार कैबिनेट ने इस टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए 8 करोड़ 25 लाख रुपये के बजट को मंजूरी दी है। राजगीर के अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर में खिलाड़ियों के ठहरने, खानपान और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
राजगीर खेल परिसर में इस टूर्नामेंट के सभी मुकाबले इंडोर स्टेडियम में खेले जाएंगे। यहां 5000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। साथ ही विदेशी टीमों के खिलाड़ियों को खेल अकादमी के नए हॉस्टल में ठहराया जाएगा और उन्हें विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
करीब 13 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद बिहार को एक बार फिर से कबड्डी की मेजबानी करने का मौका मिला है। इससे पहले 2012 में पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन हुआ था। लेकिन राजगीर के लिए यह पहली बार है कि वह इतनी बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है।
राजगीर में इस भव्य आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। जिस तरह से हाल ही में हॉकी को एक महोत्सव की तरह मनाया गया था, उसी तरह महिला कबड्डी विश्व कप को भी भव्य रूप से सेलिब्रेट किया जाएगा।
- पेपर लीक कांड का मास्टरमाइंड संजीव मुखिया EOU के लिए बना सिरदर्द
- PDS डीलरों की हड़ताल से गड़बड़ाई व्यवस्था, उपभोक्ताओं में उभरी भूखमरी
- चंडी नगर पंचायत की सामान्य बोर्ड बैठक में कई अहम प्रस्ताव पारित
- मोकामा-मुंगेर ग्रीनफील्ड फोरलेन मंजूर, इन 3 जिलों के 89 गांवों से गुजरेगी यह सड़क
- बिटकॉइन माइनिंग और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा दो दोस्तों की हत्या का सनसनीखेज मामला