Chhapra: विगत दिनों पंचायत समिति की बैठक के दौरान निर्णय लेते हुए शिक्षा समिति अध्यक्ष सह प्रखंड प्रमुख डॉ राहुल राज द्वारा प्रखंड अंतर्गत शिक्षा के क्षेत्र में विकास हेतु नवलेश कुमार सिंह जो कि वर्तमान समय में जयप्रकाश विश्वविद्यालय के सीनेट के सदस्य है, उन्हें शुक्रवार को रिविलगंज प्रखंड के शिक्षा समिति का सदस्य मनोनीत किया गया।
नवलेश कुमार सिंह पूर्वकाल से ही शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन पहल हासिल करते हुए सर्वोच्च शिखर की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उनकी इन्हीं उपलब्धियों को ध्यान में रखते हुए तथा रिविलगंज प्रखंड अंतर्गत क्षेत्रों में शिक्षा की वर्तमान स्थिति को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शिक्षा समिति अध्यक्ष द्वारा आयोजित विशेष बैठक के दौरान उन्हें शिक्षा समिति का सदस्य मनोनीत करने का विशेष निर्णय लिया गया, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में सुधार हो सके।
मौके पर उपस्थित रिविलगंज प्रखंड प्रमुख सह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ राहुल राज ने नवलेश सिंह को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए बताया कि शिक्षा समिति सदस्य के रूप में मनोनीत होने से रिविलगंज क्षेत्र में शिक्षण गतिविधियों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पूर्ण सक्रियता के साथ बेहतर कार्य करेंगे तथा साथ ही शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण प्रभावी सकारात्मक सुझाव देने का कार्य करेंगे, जिसके अंतर्गत समिति इस पर कार्य करेगी।
इस सुअवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी , प्रखंड प्रमुख डॉ राहुल राज, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान, मुखिया अजीत सिंह, मुखिया नीरज राय, समिति सदस्य शिव जी मांझी, मनोज सिंह, चंदन साह, विनोद सिंह समेत कई लोगों ने नवलेश सिंह को बधाई देते हुए इस कार्यारंभ हेतु शुभकामनाएं दी।।