Bihar News : जमीनी विवाद में दो पक्षों में हिंसक झड़प ! एक दूसरे पर किया किया पथराव, महिला समेत 5 लोग घायल,

Bihar News: बिहार के वैशाली जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र में 10 धूर जमीन को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना बिलट चौक के पास हुई, जहां विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। इस झड़प में एक पक्ष के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं। जानकारी के अनुसार घायलों की पहचान खड़गपुर निवासी अशोक ठाकुर, दशरथ ठाकुर, अरुण ठाकुर, मनीष ठाकुर और विभा देवी के रूप में हुई है। सभी को गंभीर चोटें आईं और उन्हें तुरंत हाजीपुर के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि सभी की हालत गंभीर है और उनकी विशेष देखभाल की जा रही है।

जमीन विवाद के कारण हुई हिंसक झड़प :  पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर उनका अपने पट्टीदार पशुपति ठाकुर और रविंद्र ठाकुर से काफी समय से विवाद चल रहा था। इस विवाद के दौरान आरोपी पक्ष ने महिलाओं के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी भी की। जब पीड़ित पक्ष के लोग बीच-बचाव करने आए तो उन पर भी पथराव कर दिया। इस हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हिंसक झड़प धीरे-धीरे बढ़ती गई और इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो वायरल हुआ : घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें पथराव और विवाद के दृश्य साफ दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो तेजी से फैल गया और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस प्रशासन वीडियो की सत्यता की जांच कर रहा है।

अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई : नगर थाना पुलिस ने घायल पक्ष के बयान दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। हालांकि इस घटना में अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *