बिहार के भागलपुर में कहलगांव स्टेशन के पास मंगलवार की रात प्रेमी का हाथ-पैर बांध पांच युवकों ने इंटर की एक छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म किया। सूचना मिलते ही 112 डायल की पुलिस घटनास्थल प्लेटफार्म नंबर-दो के पीछे जंगल बगान पहुंची।
पीड़िता को तत्काल अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दुष्कर्म में शामिल चार आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार घंटे के अंदर दुष्कर्म में शामिल चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता और उसके प्रेमी ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान की है। कहलगांव थाना क्षेत्र निवासी पीडि़ता की मां के आवेदन पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
छात्रा कहलगांव में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करती थी
जानकारी के अनुसार छात्रा कहलगांव में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करती थी। इंटरनेट मीडिया पर दरभंगा के एक लड़के से उसे प्रेम हो गया। लड़का भागलपुर आया था। मंगलवार सुबह छात्रा प्रेमी से मिलने पहुंच गई। रात में दोनों कहलगांव स्टेशन पर उतरने के बाद किराये के मकान की ओर जा रहे थे कि रास्ते में बैठे पांचों युवक पीछे लग गए।
लड़की का मुंह दबा बारी-बारी दुष्कर्म किया
लड़का से घर एवं नाम पूछने के बाद गमछा से उसका हाथ-पैर बांध दिया और लड़की का मुंह दबा बारी-बारी दुष्कर्म किया। लड़के ने किसी तरह मोबाइल से 112 नंबर पर घटना की सूचना दी। एक फरार आरोपित की पुलिस तलाश कर रही है।